जयपुर

पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान फिर देश भर में चमका,,,उत्सव पोर्टल रैंकिंग में आया पहले स्थान पर…जानिए कैसे तय होती है पोर्टल पर राज्यों की रैंकिंग

पर्यटन मंत्रालय ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड

less than 1 minute read
Jul 20, 2022

जयपुर।

केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय के द्वारा उत्सव पोर्टल पर जारी सूची में राजस्थान प्रथम स्थान पर रहा है। राजस्थान ने सर्वाधिक 22 मेलों और उत्सवों से संबंधित समस्त सूचनाओं को उत्सव पोर्टल पर अपलोड किया है। रैंकिंग का रिपोर्ट कार्ड मंगलवार को मंत्रालय के द्वारा जारी किया गया। पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है। इससे राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। राजस्थान की ओर से पोर्टल पर जयपुर के गोविंद देवजी और मोती डूंगरी गणेश मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों के लाइव दर्शन लिंक के अलावा पुष्कर मेला (अजमेर), मेवाड़ उत्सव (उदयपुर), तीज उत्सव (जयपुर), कुंभलगढ़ उत्सव (राजसमंद), ब्रज होली महोत्सव (भरतपुर), गण्गौर उत्सव (जयपुर), मरू महोत्सव (जैसलमेर) जैसे कई मेलों और उत्सवों की सूचना पोर्टल पर अपलोड की थी।

पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने बताया कि पोर्टल पर पर्यटन संबंधित संपूर्ण जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है। पोर्टल पर आधिकारिक सोशल मीडिया लिंक, आधिकारिक वेबसाइटें, विवरणिका और आयोजन समिति के संपर्क विवरण और हवाई, रेल और सड़क मार्ग से आसानी से गंतव्य तक पहुंचने की जानकारी प्रदान की जा रही है। इससे पर्यटकों को पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की योजना बनाने में सहायता मिल रही है।

वेबसाइट पर 28 राज्यों और 9 केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न धार्मिक मंदिरों पूजा-आरती, पर्यटन स्थलों, कार्यक्रमों, मेलों और उत्सवों के लाइव दर्शन की जानकारी दी गई है। पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट को लगातार अपडेट किया जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र में आने वाले सभी मेलों और उत्सवों से संबंधित नई जानकारी तेजी से वेबसाइट पर अपडेट की जा रही है।

Published on:
20 Jul 2022 01:44 pm
Also Read
View All