जयपुर

Jaipur News: मालवीय नगर जोन में लगा शहरी सेवा शिविर, 160 को हाथों-हाथ मिले प्रमाण पत्र

जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ के तहत शुक्रवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय (गैराज परिसर, लालकोठी) में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न सेवाओं का मौके पर ही लाभ देकर बड़ी राहत प्रदान की गई।

2 min read
Jun 19, 2026
Jaipur Nagar Nigam camp
मालवीय नगर जोन में लगा शहरी सेवा शिविर। फोटो पत्रिका

जयपुर। जयपुर नगर निगम की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ के तहत शुक्रवार को मालवीय नगर जोन कार्यालय (गैराज परिसर, लालकोठी) में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न सेवाओं का मौके पर ही लाभ देकर बड़ी राहत प्रदान की गई।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने शिविर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त ने लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार और 50 हजार रुपए के चेक भी सौंपे।

निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र के नागरिकों को सभी आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाना है। इसके लिए शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क के साथ-साथ बिजली, पानी, छाया और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

शनिवार को लगेगा फॉलोअप शिविर

शनिवार को नगर निगम मुख्यालय पर एक विशेष फॉलोअप शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में सांगानेर, मानसरोवर, विद्याधर नगर और मालवीय नगर जोन के मुख्य कैंपों से शेष रहे या लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। शिविर का समय सुबह 9.30 बजे से शाम 6.00 बजे तक रहेगा। सोमवार को किशनपोल जोन का शिविर आयोजित होगा। यह शिविर हेरिटेज भवन (पुराना पुलिस मुख्यालय, बड़ी चौपड़) में लगाया जाएगा।

आवेदन के कुछ ही समय बाद मिला पट्टा

टोंक रोड निवासी संतोष अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने अपने मकान के पट्टे के लिए शिविर में आवेदन किया था। नगर निगम प्रशासन ने आवश्यक जांच के बाद कुछ ही समय में पट्टा तैयार कर सौंप दिया। मालवीय नगर निवासी ताराचंद सिंधी ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन के लिए शिविर में आवेदन किया था। जरूरी दस्तावेज जमा होने के कुछ ही देर बाद प्रशासन ने उनका 50 हजार रुपए का लोन स्वीकृत कर चेक सौंप दिया। ताराचंद ने बताया कि इस राशि से वे अपने छोटे स्तर के पापड़ उद्योग को और बड़ा करेंगे।

शिविरों में मिल रही तत्काल राहत

160 आवेदन जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन के प्राप्त हुए, सभी प्रमाण पत्र हाथों-हाथ जारी किए गए।
12 प्रकरणों का पीएम स्वनिधि योजना के तहत मौके पर ही निस्तारण किया गया।
15 लाख रुपए का नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) जमा हुआ, कुल 5 आवेदन प्राप्त हुए थे।

Published on:
19 Jun 2026 08:21 pm