जयपुर

Rajasthan Politics : वसुंधरा राजे के लिए आई दुखद खबर, सिंधिया परिवार के इस सदस्य का निधन

वसुंधरा राजे ने अपने परिवार का एक सदस्य खो दिया। स्वर्गवास की खबर से पूरे सिंधिया परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

2 min read
May 15, 2024

जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को अपने परिवार का एक सदस्य खो दिया। उनकी भाभी पूर्व राजमाता मां माधवी राजे के स्वर्गवास की खबर से पूरे सिंधिया परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। माधवी राजे ने नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बताया जा रहा है कि अंतिम समय वो एम्स के आईसीयू में वेंटिलेटर पर थीं और यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि माधवी राजे, वसुंधरा राजे के भाई व पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे माधव राव सिंधिया की पत्नी होने के साथ ही उनके भतीजे व मौजूदा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां थीं।

नहीं हो सका स्वास्थ्य में सुधार

जानकारी के अनुसार माधवी राजे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहीं थीं। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एम्स अस्पताल भर्ती करवाया गया था, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। उनके स्वास्थ्य की निगरानी रख रहे डॉक्टरों ने आखिरकार आज सुबह उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अंतिम संस्कार में शामिल होंगी वसुंधरा

जानकारी के अनुसार माधवी राजे का अंतिम संस्कार कल गुरुवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में होगा। इस दौरान सिंधिया परिवार के सदस्यों की मौजूदगी रहेगी। ऐसे में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के भी ग्वालियर जाकर अपनी भाभी के अंतिम दर्शन करने और श्रद्धा सुमन अर्पित करने का संभावित कार्यक्रम है। हालांकि उनके आगामी संभावित कार्यक्रम जारी होने का इंतज़ार है।

कौन हैं माधवी राजे?

वसुंधरा राजे की भाभी माधवी राजे दरअसल नेपाल राजघराने से ताल्लुक रखती थीं। उनके शाही परिवार का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। माधवी राजे के पिता जुद्ध शमशेर जंग बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री रहे हैं। माधवी राजे को 'प्रिंसेज किरण राज्य लक्ष्मी देवी' के नाम से भी जाना जाता है। 1966 में नेपाल राजघराने की राजकुमारी माधवी राजे की ग्वालियर रियासत के अंतिम शासक महाराजा जीवाजी राव सिंधिया के पुत्र माधवराव सिंधिया के साथ शादी हुई थी।


माधवी राजे के निधन पर कई प्रमुख शख्सियतों ने शोक जताया है।

Updated on:
15 May 2024 12:31 pm
Published on:
15 May 2024 12:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर