जयपुर

एटीएम से ठगी का शातिर तरीका बेनकाब, मशीन से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

• •
Updated: 21 Jan 2026, 12:29 PM IST
Feature image

जयपुर. एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को सोडाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एटीएम मशीन में फंसाने की पत्तियां, पेचकस, पेंसिल के टुकड़े, डबल टेप, एटीएम कार्ड और डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शाकिर हुसैन (37) निवासी नूंह, मेवात है। वह बेहद शातिर है और लगातार ठिकाने बदलता रहता था। आरोपी खासतौर पर बिना गार्ड वाले एटीएम बूथ को निशाना बनाता था, जिन्हें वह पहले ही चिन्हित कर लेता था।

एसीपी (सोडाला) सुनील प्रसाद ने बताया कि आरोपी छुट्टी के दिन नूंह से जयपुर आता था। सबसे पहले वह अपने एटीएम कार्ड से मशीन की जांच करता कि मशीन चालू है और उसमें नकदी मौजूद है या नहीं। इसके बाद कैश ट्रे में पत्तियां फंसा देता था। जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता तो खाते से राशि डेबिट हो जाती, लेकिन नकदी बाहर नहीं निकलती थी। ग्राहक मशीन खराब समझकर चला जाता था। इसके बाद आरोपी पेचकस और डबल टेप की मदद से रोलर रबर खींचकर नकदी निकाल लेता था।थानाप्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और खर्चे के लिए वारदात करता था। इस मामले में इंटीग्रल अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के आइटी अधिकारी हरिओम शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

Updated on:
21 Jan 2026, 12:29 PM IST
Published on: