
निवाई. गांव गंगापुरा की नदी की ढाणी के ग्रामीणों का वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय जाने वाले मुख्य कच्चे मार्ग पर शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे रोजमर्रा का आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। यहीं मार्ग विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल और मुख्य बाजार तक पहुंचने का एकमात्र प्रमुख रास्ता है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तथा मरीजों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।फिसलन के कारण कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन बार बार शिकायतों के बावजूद भी प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से लगातार उठाई जा रही है, फिर भी प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जनहित को देखते हुए कच्चे रास्ते में पक्की सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में नाथूलाल, प्रहलाद, जगदीश, नानकराम, हंसराज खारवाल, वीरेंद्र खारवाल, गिर्राज, हीरालाल, दिनेश, नौरताराम, रतीराम, रामअवतार, मनराज, देशराज, बीरबल प्रजापत सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2807सीबी-निवाई. कच्चे रास्ते में पक्की सड़क निर्माण के लिए एसडीएम को ज्ञापन देते ग्रामीण।