जयपुर

पैंथर को पकड़ने में देरी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी

• •
Updated: 24 Nov 2026, 7:02 AM IST
Feature image

एक माह से पैंथर की तलाश जारी, पंचायत समिति कार्यालय में विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अलीगढ़. कस्बे एवं आसपास के क्षेत्र में करीब एक माह से पैंथर की गतिविधियों के बावजूद वन विभाग की ओर से उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को युवा ग्राम विकास समिति अलीगढ़ एवं ग्रामीणों ने पंचायत समिति कार्यालय के बाहर वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पैंथर को सुरक्षित पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पैंथर की लगातार गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। पैंथर द्वारा पशुधन को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं से पशुपालक भी चिंतित हैं। इसके बावजूद वन विभाग की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर रेस्क्यू अभियान तेज करने की मांग की।

रेस्क्यू के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग

ज्ञापन में पैंथर के संभावित विचरण स्थलों की जांच करवाने, उसकी गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाने तथा सभी टीमों के आपसी समन्वय से सुनियोजित रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की गई। साथ ही रेस्क्यू अभियान और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक या वन विभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने की बात कही गई।

ग्रामीणों ने पैंथर द्वारा पशुधन को पहुंचाए गए नुकसान का नियमानुसार सर्वे करवाकर प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा दिलाने, पैंथर के पकड़े जाने तक गांव में वन विभाग की पर्याप्त टीम तैनात रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने की मांग भी की।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और वन विभाग ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो युवा ग्राम विकास समिति अलीगढ़ एवं समस्त ग्रामवासी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन और बड़ा आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और वन विभाग की होगी।

फोटो कैप्शन-1: अलीगढ़ में पैंथर को पकड़ने में देरी से नाराज ग्रामीण पंचायत समिति कार्यालय के बाहर वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए।

Updated on:
24 Nov 2026, 7:02 AM IST
Published on: