
जयपुर। पुलिसकर्मी की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक नकाबपोश महिला बीच बाजार एक पुलिसकर्मी के चांटे ही चांटे मार रही है। यही नहीं आस-पास एकत्र हुई भीड़ भी महिला का ही समर्थन कर रही है। वही पुलिसकर्मी की हालत देख लगता है कि वह नशे में है। वीडियो वायरल होने के बाद अलवर पुलिस ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक पुलिस कानि. को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो कोतवाली इलाके के गोपाल टॉकीज के पास का है। जहां एक नकाबपोश महिला ने सड़क पर पुलिस वाले की पिटाई करना शुरू कर दिया। जिसे देखकर आस-पास काफी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान महिला थप्पड़ मारती रही और लोग वीडियो बनाते रहे। वीडियो में नजर आ रहा है कि जनता पुलिस वाले की गलती बताते हुए महिला का समर्थन कर रहे हैं।
महिला और पुलिसकर्मी में विवाद किस बात पर हुआ। इसकी पुष्टि तो अभी नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी के नशे में होने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया जा रहा है।
इस मामले में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं पुलिसकर्मी का नाम राहुल बताया जा रहा है। अलवर पुलिस ने उसे लाइन हाजिर कर दिया है।