
शहीद स्मारक की बदहाल स्थिति पर पूर्व सैनिकों का धरना, 15 अगस्त तक सुधार का आश्वासन
देवली. शहीद स्मारक की दुर्दशा और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को पूर्व सैनिकों ने नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरना दिया। बाद में अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
धरनार्थियों ने शहीद स्मारक पर नियमित साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग उठाई। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के लिए भूमि आवंटन तथा स्मारक की सुरक्षा के संबंध में सीआईएसएफ कमांडेंट को पत्र भेजने की मांग भी रखी।
अधिशासी अधिकारी ने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों का 15 अगस्त तक निस्तारण कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
इस अवसर पर सुबेदार रतन सिंह, सुबेदार मेजर सोहनलाल, सुबेदार गोपाल सिंह राजावत, सुबेदार यादव राय, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ जिंदल, शम्मी रंगरेज, टीकमचंद सेन, रमेश गोयल, मोतीलाल ठागरिया, राजू ग्वाला, नीरज शर्मा, चौथमल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।