जयपुर

राजस्थान में बारिश-ओलों से 4 की मौत, आज इन इलाकों में बारिश-ओले का अलर्ट

प्रदेश में दो दिन बारिश और ओलों की चेतावनी ( Weather Alert in Rajasthan ) के बीच गुरुवार को बीकानेर, सीकर अजमेर, जैसलमेर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, सवाईमाधोपुर, जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों ( Rain and Hailstorm in Rajasthan ) में बारिश हुई...
2 min read
Dec 13, 2019
hailstorm.jpg

जयपुर। प्रदेश में दो दिन बारिश और ओलों की चेतावनी ( Weather Alert in Rajasthan ) के बीच गुरुवार को बीकानेर, सीकर अजमेर, जैसलमेर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, सवाईमाधोपुर, जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों ( Rain and hailstorm in rajasthan ) में बारिश हुई। सीकर, नागौर, बीकानेर, अजमेर जिले व चौमूं में ओले गिरे। आकाशीय बिजली गिरने सीकर के खंडेला में मां-बेटे तथा अलवर में एक किसान और एक युवक की मौत हो गई। सीकर व झुंझुनूं जिले में तेज बारिश के साथ नींबू के आकार के ओले गिरे। जानकारी के अनुसार झुंझुनूं जिले के अलसीसर सहित आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ चने के आकार ओले गिरे। वहीं सीकर जिले में लोसल सहित आसपास के कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ नींबू के आकार के ओले गिरे। जिससे सर्दी का असर तेज हो गया।

इसलिए बदला मौसम ( rajasthan weather forecast )
जम्मू कश्मीर पर बने पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान तथा इससे सटे भागों पर बने कम दवाब के क्षेत्र के कारण मौसम ने करवट ली और गुरुवार को शेखावाटी में मौसम पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग का कहना है कि विक्षोभ का असर शुक्रवार तक रहेगा।

आगे क्या
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी अजमेर, अलवर, करौली, दौसा, जयपुर, भरतपुर, सवाईमाधोपुर, सीकर और टोंक में बारिश और ओले की चेतावनी दी है।

गहलोत ने ली बैठक
ओले से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार रात मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों की बैठक ली। फसल खराबे का सर्वे कर किसानों को राहत दिलाने के निर्देश दिए।

रात आठ बजे पारा 16 डिग्री पर आया, दिनभर बादल, रात को बारिश
जम्मू कश्मीर पर बने पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान तथा इससे सटे भागों पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राजधानी में गुरुवार को मौसम पलटा। दिनभर बादलों की ओट में शहर रहा। रात करीब 9 बजे शहर में बारिश का दौर शुरू हो गया। तापमान में गिरावट रही। वहीं न्यूनतम पारे में बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को अधिकतम पारा 22.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात आठ बजे पारा गिरकर 16 डिग्री तक आ गया। ऐसे में शाम और रात के बीच छह डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। सुबह से ही होते ही पारा 11 डिग्री दर्ज किया गया। आठ बजे तक 15 डिग्री पारा पहुंच गया। इस दौरान 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। गुरुवार को न्यूनतम पारा 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को पारा 10.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इधर, मौसम विभाग का कहना है तो दो दिन पारे में बढ़ोतरी होगी। उधर, ओलावृष्टि से फसल खराबे के मद्दनजर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने राज्य सरकार से तत्काल गिरदावरी कराने की मांग की है।

Updated on:
13 Dec 2019 09:11 am
Published on:
13 Dec 2019 07:32 am