
जयपुर।
पिछले एक महीने से बंद शहनाइयों की गूंज कल से सुनाई देगी। इसके साथ ही मांगलिक कार्यों व शादियों की शुरुआत हो जाएगी। शादी की गर्माहट से बाजारों में चहल-पहल देखने को मिलेगी। भगवान विष्णु की आराधना के पुरुषोत्तम मास का बुधवार को समापन है। कल से देवशयनी एकादशी तक मांगलिक कार्यों का दौर चलेगा।
बाजारों में लौटेगी रौनक
मांगलिक कार्यों व शादी समारोह की शुरुआत के साथ ही बाजारों में रौनक छाई रहेगी। शुभ मूहुर्त का इंतजार कर रहे लोग अब बाजारों की ओर रुख करने लगे हैं। इसके चलते कपड़ा व सर्राफा उद्योग में तेजी देखने को मिलेगी। दरअसल, पिछले एक महीने से बाजारों व विवाह स्थलों में सन्नाटा पसरा पड़ा था। बीेते माह कोई सावा नहीं होने से मांगलिक कार्यों पर विराम लगा हुआ था। सावे खुलने के साथ ही कैटरिंग, बैंड लवाजमा, हलवाई, टैंट व डेकोरेशन के कार्य शुरू हो जाएंगे। दरअसल पिछले एक माह से पुरुषोत्तम मास चल रहा था। इसे अधिक मास या मल मास के नाम से भी जाना जाता है। मल मास के दौरान कोई भी मांगलिक कार्य करना वर्जित रहता है।
अबुझ सावों पर शादियों की भरमार
जून-जुलाई के महीने में कुल 16 सावे हैं। इनमें से 7 सावे जून व 9 सावे जुलाई के महीने में है। जुलाई के महीने में दो अबुझ सावे हैं, जिन पर शादियों की भरमार रहेगी। अबुझ सावों में 21 जुलाई को भड्ल्या नवमी व 23 जुलाई को देवशयनी एकादशी है। इस दौरान रंग-बिरंगी रोशनी व फूलों से विवाह स्थल गुलजार रहेंगे। वहीं सड़कों पर डीजे की धुन के साथ नाचते गाते बाराती नजर आएंगे। विवाह समारोह के दौरान आमजन को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से उचित व्यवस्था की जाएगी।
जून-जुलाई के बाद सावों पर विराम
ज्योतिषी गोविंद शर्मा ने बताया कि पहला सावा 19 जून का है। इसके बाद आगामी सावा 23 जुलाई का रहेगा। सावों के चलते जून व जुलाई माह में शादी विवाह की धूम रहेगी। इसके बाद चातुर्मास शुरुआत से चार माह के लिए मांगलिक कार्यों पर फिर से विराम लग जाएगा। चातुर्मास चार माह की अवधि है। ये माह ध्यान और साधना करने वाले लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। जो आषाढ़ शुक्ल एकादशी से शुरू होकर कार्तिक शुक्ल एकादशी तक चलेगा।