जयपुर

राजधानी में चोरी करने वाली महिला गिरोह का आतंक, दुकानदार का ध्यान बंटाकर उड़ाए हजारों रुपए के कीमती कपड़े

दुकानदार का ध्यान बंटाकर महिला गिरोह ने उड़ाए कीमती कपड़े, सीसीटीवी में नजर आई कार और महिलाएं।
2 min read
Mar 17, 2018
 Woman Gang active in Jaipur for Stealing Woman thieves in Jaipur Crime news

जयपुर। राजधानी जयपुर में चोरी करने में महिला गिरोह का आतंक जोरो पर है। शहर की आभूषण दुकानों से लेकर कपडो़ं की दुकानों तक महिलाएं सामान पर हाथ साफ करती नजर आ जाती है। आए दिन बढ़ रहे चोरी के मामले में महिला गिरोह की तादाद दिनों दिन बढ़ती जा रही है। एक तरफ जहां महिलाओं को जागरुक करने और आगे बढ़ाने की बात की जा रही है वहीं दूसरी तरफ महिलाएं चोरी की एक से बढ़कर एक वारदात को अंजाम देती नजर आ रही है। हाल ही में राजधानी के करधनी थाना इलाके में महिलाओं द्वारा दुकानदार का ध्यान बंटा कर 50 हजार के कपड़े चुराने का मामला सामने आया है। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

आपको बता दें कि करधनी थाना इलाके में खरीदारी के बहाने दुकान में घुसकर आधा दर्जन से अधिक महिलाओं ने दुकानदार से झगड़े का नाटक किया और दुकानदार का ध्यान बंटाकर महंगे कपड़े पार कर लिए। कपड़े दुकान में कम लगे तो दुकानदार को संदेह हुआ, उसने महिलाओं का पीछा किया। दुकानदार उनको पकड़ पाता, इससे पहले ही वे कार में सवार होकर भाग निकली। जांच अधिकारी एसआई दिलीप सिंह ने बताया कि जगदंबा नगर रावण गेट बेरिया निवासी किशोर सिंह ने मामला दर्ज कराया कि उसकी दुकान पर सात-आठ महिलाएं खरीदारी के लिए आई। खरीदारी के दौरान महिला किसी बात को लेकर उससे झगडऩे लगी। कुछ समय बाद महिला दुकान से चली गई। महिलाओं के बाहर निकलते ही उसने दुकान में रखा सामान चैक किया तो कीमती कपड़े गायब मिले। उसने महिलाओं का पीछा किया तो वे सभी एक कार में सवार होकर भाग निकली। सीसीटीवी खंगाले तो कार की आई फोटो घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल महिला गिरोह का पता नहीं चल पाया है। महिला गिरोह ने दुकान से करीब 50 हजार रुपए के कपड़े चुराए हैं।

वहीं चोरी के दूसरे मामले में चौमूं थाना इलाके में दो बाइक सवार बदमाश एक व्यक्ति की जेब से तीस हजार रुपए छिन कर भाग निकले। जिसके बाद पीडि़त ने मण्डा भिण्डा निवासी भगवान सहाय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार पीडि़त मोरीजा रोड होते हुए अपने घर जा रहा था। जहां पर उसका पीछा करते हुए दो बाइक सवार आए। पहले व्यक्ति ने युवक को बातों में उलझा लिया और फिर उसके बाद उसकी जेब में रखे तीस हजार रुपए लेकर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
17 Mar 2018 01:20 pm