सड़क दुर्घटना में शिक्षिका की मौत, एक घायल

फिटकासनी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक डंपर ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। मोटरसाइकिल की चपेट में आने से उस पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
2 min read
• •
Updated: 15 Jul 2015, 6:34 PM IST
Feature image

एयरफोर्स क्षेत्र निवासी सुनीता भारद्वाज (50) सनावाड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बतौर अध्यापिका कार्यरत थीं। बुधवार सुबह सुनीता काकेलाव स्थित एक स्कूल में बतौर लिपिक कार्यरत संजय सिंह के साथ मोटरसाइकिल से सनावड़ा स्थित स्कूल जा रही थी।

फिटकासनी क्षेत्र में रसीदा गांव के पास सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। इससे पीछे बैठी सुनीता नीचे गिर गईं और डंपर उन्हें घसीटता हुआ कुछ आगे तक लेकर चला गया। सिर में गंभीर चोट आने की वजह से मौके पर सुनीता की मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल चला रहा संजय भी सड़क पर गिर गया और उसे कई जगह चोटें आई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना से आक्रोशित गांव के लोग और कर्मचारी संघ के शिक्षकों ने रास्ता जाम कर दिया। रास्ता जाम होने से जोधपुर-गुड़ाविश्नोइया के बीच यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम, तहसीलदार सहित कुड़ी भगतासनी और डांगियावास थाना पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

टूटी सड़कें और उस पर बजरी से भरे वाहनों के लापरवाही से चलने के कारण आए दिन यहां होने वाली दुर्घटनाओं पर आक्रोशित लोगों ने रास्ता खोलने से मना कर दिया। घंटों समझाइश के बाद करीब चार घंटे बाद रास्ता खोला जा सका।

मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। गुड़ाविश्नोइया पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Published on: