
निवाई. लोकतंत्र की नींव मजबूत करने के लिए युवाओं ने मतदान का संकल्प लिया। राजकीय महाविद्यालय निवाई में मतदाता साक्षरता क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में यूथ चला बूथ हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।अभियान का शुभारंभ प्राचार्या प्रोफेसर मीनाक्षी बघेल ने हस्ताक्षर कर किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र को मजबूती मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
ईएलसी नोडल अधिकारी रूपा चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने हस्ताक्षर कर मतदान करने की शपथ ली।ईएलसी सदस्य डॉ.सुमन ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवा यदि मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे तो लोकतंत्र और मजबूत होगा।हस्ताक्षर अभियान के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अभियान ने युवाओं में मतदान के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाने के साथ अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
फोटोकेप्शन
एनई1808सीसी-निवाई. राजकीय महाविद्यालय में मतदान के लिए हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते।