जैसलमेर

jaisalmer: दस साल की डिम्पल ने एशियन चैंपियनशिप में जीते तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक

सरहद के छोटे से गांव आशायच की 10 वर्षीय बेटी ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यूएई के रास अल खैमाह में आयोजित एशियन चैंपियनशिप-2026 में डिम्पल कंवर ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन रजत पदक जीते। बायथल, ट्रायथल और लेजर रन में मिली इस उपलब्धि से जैसलमेर की इस बेटी ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 9:14 PM IST
jaisalmer news
डिम्पल कंवर

जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर के छोटे से गांव आशायच की बेटी डिम्पल कंवर ने महज 10 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में 10 से 16 नवंबर तक आयोजित एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए डिम्पल ने तीन रजत पदक अपने नाम किए। बायथल, ट्रायथल और लेजर रन स्पर्धाओं में मिली इस सफलता के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।

तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन से जीते रजत पदक

डिम्पल ने प्रतियोगिता में तीन खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर तीनों में रजत पदक हासिल किए। बायथल स्पर्धा में तैराकी और दौड़, ट्रायथल में तैराकी, दौड़ और शूटिंग तथा लेजर रन में दौड़ और शूटिंग का प्रदर्शन करना होता है। तीनों स्पर्धाओं में पदक जीतना उनकी खेल प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है।

ग्वालियर में दो साल से प्रशिक्षण लेकर निखार रही प्रतिभा

डिम्पल पिछले दो वर्षों से ग्वालियर में कोच विनोद जाटव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। पहली ही अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में तीन पदक जीतना उनके खेल सफर की उल्लेखनीय उपलब्धि है। डिम्पल कंवर अर्जुनसिंह भाटी की पौत्री हैं। उनकी उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही खुशी का माहौल बन गया। बड़े पापा सुमेर सिंह भाटी ने बताया कि सफलता की सूचना मिलते ही गांव में मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। ग्रामीणों ने डिम्पल की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पहुंची डिम्पल की सफलता क्षेत्र की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनी है। डिम्पल का सपना भविष्य में ओलंपियन बनकर देश का प्रतिनिधित्व करना है।

Updated on:
19 Nov 2026, 9:14 PM IST
Published on: