धोलिया निवासी नरेंद्र (35) पुत्र धन्नाराम विश्नोई गुरुवार शाम भादरिया सड़क मार्ग स्थित ग्राम पंचायत भवन से निकलकर अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही बीएसएफ की कैंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पोकरण के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर लाठी थाने के सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की। मृतक का शव पोकरण राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। गौरतलब है कि नरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटी और 9 व 7 वर्ष के दो बेटे हैं। बच्चों की पढ़ाई, परवरिश और बेहतर भविष्य के सपने संजोकर वह मेहनत-मजदूरी करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका और बच्चों के भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक मेहनतकश पिता की मौत ने तीन मासूमों से पिता का साया छीन लिया। इस हृदयविदारक घटना से धोलिया गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक छा गया।