रामदेवरा. कस्बे में पेयजल संकट स्थानीय बाशिंदों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी पर आर्थिक बोझ बन गया है। सरकारी जलापूर्ति लगातार सातवें दिन भी पूरी तरह बंद रही। मंगलवार को भी सरकारी नलों से पानी नहीं आया। घरों में जमा पानी समाप्त होने के बाद परिवारों के सामने पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। मजबूरी में लोगों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है। सात दिनों से नलों में पानी नहीं आने के बावजूद व्यवस्था बहाल नहीं होना जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है।