
जैसलमेर. गोपा चौक क्षेत्र में बैठा पशुओं का समूह। पत्रिका
जैसलमेर. स्वर्णनगरी की पहचान उसके ऐतिहासिक सोनार दुर्ग और विश्वविख्यात पर्यटन स्थलों से है। यहां की खूबसूरती निहारने देशी-विदेशी सैलानी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, लेकिन दुर्ग के ठीक सामने स्थित गोपा चौक का नजारा शहर की छवि पर दाग लगा रहा है। यहां पर्यटन की रौनक के बीच सड़कों पर स्वच्छंद विचरण करते पशुओं का कब्जा है। सुबह से लेकर देर शाम तक कहीं सांड आपस में भिड़ते नजर आते हैं तो कहीं पशु बीच सड़क पर बैठकर सुस्ताते रहते हैं। पर्यटकों के लिए यह दृश्य किसी परेशानी से कम नहीं है। दो दिन पहले इसी गोपा चौक में एक विदेशी महिला पर्यटक को सांड ने सींगों से उछाल दिया। गनीमत रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना ने उसके साथ आए पूरे पर्यटक समूह को दहशत में डाल दिया। यह घटना बताती है कि शहर के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में भी सैलानियों की सुरक्षा कितनी असुरक्षित है। सवाल यह है कि यदि महिला गंभीर रूप से घायल हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
शहर का हृदय स्थल गोपा चौक से सोनार दुर्ग आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख पड़ाव है। यहां दिनभर पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद गोवंश को खुलेआम सड़कों पर घूमने और बीच रास्ते में बैठने की पूरी छूट मिली हुई है। इनके अचानक सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों को ब्रेक लगाने पड़ते हैं। कई बार यातायात बाधित होता है और जाम जैसी स्थिति बन जाती है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए तो यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। पर्यटक कैमरे में सोनार दुर्ग की खूबसूरती कैद करने आते हैं, लेकिन उनके सामने गोवंश और अव्यवस्थित यातायात का दृश्य शहर की व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
शहर में स्वच्छंद गोवंश की समस्या कोई नई नहीं है। समय-समय पर नगरपरिषद की ओर से अभियान चलाने और गोवंश को पकड़ने के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर हालात जस के तस हैं। कार्रवाई कुछ दिनों तक दिखाई देती है और फिर वही पुराने हालात लौट आते हैं। गोपा चौक जैसे संवेदनशील और प्रमुख पर्यटन स्थल पर यदि गोवंश का जमावड़ा बना हुआ है तो यह नगरपरिषद की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विदेशी पर्यटक के साथ हुई घटना के बाद भी यदि जिम्मेदार नहीं जागते तो किसी बड़े हादसे का इंतजार ही बाकी रह जाएगा। पर्यटन के सहारे अपनी पहचान बनाने वाली स्वर्णनगरी में सैलानियों की सुरक्षा और शहर की छवि की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
सैलानियों की जुबानी
विदेशी महिला पर्यटक के साथ हुई घटना ने हमें डरा दिया। हम यहां ऐतिहासिक किले को देखने आए हैं, लेकिन सड़कों पर खुले घूमते सांडों के कारण हर समय सतर्क रहना पड़ता है। प्रशासन को पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
- सोमाभाई, पर्यटक
गोपा चौक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर गोवंश का इस तरह घूमना और सड़क पर बैठना ठीक नहीं है। इससे पैदल चलने और वाहन निकालने में परेशानी होती है। जैसलमेर खूबसूरत शहर है, लेकिन ऐसी अव्यवस्थाएं पर्यटकों के अनुभव को खराब करती हैं।
- नगेन्द्र सिंह, पर्यटक
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
17 Nov 2026, 9:02 PM IST
Published on:
17 Nov 2026, 9:02 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़




