जैसलमेर. गांव की सरकार चुनने की बारी आई तो ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतांत्रिक भागीदारी में पीछे रहना स्वीकार नहीं किया। सोमवार को जिले की 241 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर सुबह से कतारें लगीं। महिलाओं की सक्रिय मौजूदगी, पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं का उत्साह और उम्र की सीमाओं को पीछे छोड़कर बूथ तक पहुंचे बुजुर्गों ने चुनाव की अलग तस्वीर पेश की। दस पंचायत समितियों में शाम छह बजे तक 90.60 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। कुल 4,09,588 मतदाताओं में से 3,71,091 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।पंचायत समिति खुहड़ी में सर्वाधिक 92.51 प्रतिशत मतदान हुआ। नाचना में 91.37, जैसलमेर में 91.04 और सांकड़ा में 90.91 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। दूसरी ओर रामगढ़ में 89.29 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। सभी दस पंचायत समितियों में मतदान 89 प्रतिशत से अधिक रहा। आंकड़े बताते हैं कि मतदान में क्षेत्रवार अंतर सीमित रहा, हालांकि अंतिम तुलना के लिए पिछले चुनावों के आंकड़े भी महत्वपूर्ण होंगे।