जैसलमेर. स्वर्णनगरी के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर का शांत जल रविवार शाम आस्था, विश्वास और लोक परंपराओं का साक्षी बना। डूबते सूरज की सुनहरी किरणों के बीच जब बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड के मूल निवासियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया, तब गड़ीसर के घाट भक्ति के रंग में रंग उठे। छठ महापर्व पर निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने सूर्योपासना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की मंगलकामना की। सूर्य की आराधना के इस अनुपम दृश्य ने ऐतिहासिक सरोवर के सौंदर्य में आध्यात्मिक आभा घोल दी।