14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: सूखे से जूझ रही स्वर्णनगरी और ग्रामीण क्षेत्रों पर मेघ मेहरबान

लंबे समय से सूखे और अकाल की मार झेल रहे जैसलमेर अंचल को शनिवार को बारिश से बड़ी राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर सहित 30-40 किलोमीटर के ग्रामीण क्षेत्र में जमकर बरसात हुई। शाम को मूसलाधार बारिश से सड़कें तरबतर हो गईं और नाले-परनाले बहने लगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 14 Nov 2026, 9:08 PM IST

jaisalmer

बारिश के बचाव के लिए यूं किए जतन।

जैसलमेर। लंबे समय से सूखे और अकाल की मार झेल रही स्वर्णनगरी सहित आसपास के 30-40 किमी के ग्रामीण क्षेत्रों पर शनिवार को मौसम मेहरबान हो गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से जिले में जमकर बारिश हुई। अपराह्न बाद शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर शाम होते-होते मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गया। शाम करीब साढ़े छह बजे आसमान से बरसी राहत की बूंदों ने शहर की सड़कों और गलियों को तरबतर कर दिया। देखते ही देखते नाले-परनाले बहने लगे और शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया।

दिन में रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी के बाद शाम को बारिश का वेग बढ़ गया। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई। लंबे समय से गर्म और शुष्क मौसम का सामना कर रहे लोगों को भी राहत महसूस हुई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी बहने लगा और कई स्थानों पर जलभराव के हालात बने। अचानक बदले मौसम के बीच लोगों ने बारिश का आनंद लिया।

अकाल की मार के बीच आसमान से बरसी राहत

इस वर्ष जिले में कम बारिश के चलते किसानों और पशुपालकों को सूखे तथा अकाल जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारे और पानी का संकट भी बना हुआ है। ऐसे में शनिवार को हुई बारिश से पशुधन के लिए पीने के पानी का अवश्य इंतजाम हुआ है। हालांकि किसानों का कहना है कि अब हरे चारे का उत्पादन होली के आसपास ही हो सकेगा। शाम को बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। तापमान में गिरावट के साथ ठंडक का अहसास होने लगा। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर चमक और वातावरण में ताजगी नजर आई। लंबे अरसे से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए शनिवार की शाम राहत और सुकून लेकर आई। अब लोगों की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं।

पोकरण. क्षेत्र में नवंबर माह के तीसरे सप्ताह में मौसम में बदलाव होने लगा है। शनिवार शाम हल्की बूंदाबांदी हुई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को सुबह हल्की गुलाबी सर्दी का मौसम बना हुआ था। सुबह 9 बजे बाद सूर्य की तेज किरणें निकली और दोपहर में गर्मी का असर बढ़ गया। दोपहर बाद आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। साथ ही तेज हवा भी चलने लगी। शाम 5 बजे बाद आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई और सूर्य की लुकाछिपी से मौसम धूप-छांव का हो गया। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम करीब 5.30 बजे बाद हल्की बूंदाबांदी का दौर चला। करीब 5 मिनट तक हुई बूंदाबांदी से सड़कें तर हो गई और मौसम ठंडा सुहावना हो गया। देर रात तक भी आसमान में बादलों की आवाजाही जारी थी।