जैसलमेर

20 हजार किमी साइकिल यात्रा पर निकले महेश जैसलमेर पहुंचे, कलक्टर से की भेंट

हरियाणा के रेवाड़ी निवासी युवा साइक्लिस्ट महेश प्रजापति अपनी 20 हजार किलोमीटर लंबी सोलो साइकिल यात्रा के तहत अब जैसलमेर पहुंच गए हैं।

2 min read
May 06, 2026

हरियाणा के रेवाड़ी निवासी युवा साइक्लिस्ट महेश प्रजापति अपनी 20 हजार किलोमीटर लंबी सोलो साइकिल यात्रा के तहत अब जैसलमेर पहुंच गए हैं। बुधवार को उन्होंने जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल से शिष्टाचार भेंट कर अपनी यात्रा के उद्देश्य और अनुभव साझा किए। इस दौरान कलक्टर ने उनके साहस, संकल्प और सामाजिक संदेशों की सराहना की तथा यात्रा के समापन के लिए शुभकामनाएं दीं। महेश इससे पहले जोधपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की थी। उन्होंने अपनी यात्रा के उद्देश्यों—फिटनेस के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के प्रचार—को विस्तार से बताया। जोधपुर से होते हुए वे जैसलमेर पहुंचे हैं और यहां की कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका उत्साह कम नहीं हुआ।

12 ज्योतिर्लिंग सहित 20 हजार किमी का सफर

महेश ने अपनी यात्रा गत 15 मार्च से शुरू की थी। इस यात्रा में वे देशभर के 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम, लेह-लद्दाख व स्पीति वैली तक करीब 20 हजार किलोमीटर की यात्रा करेंगे। महेश अब तक मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना, आगरा, जयपुर, पुष्कर और जोधपुर की यात्रा कर ली है। करीब 30 किलो सामान के साथ साइकिल चला रहे महेश अपनी यात्रा में आत्मनिर्भरता का उदाहरण पेश कर रहे हैं। उनके बैग में टेंट, स्लीपिंग बैग, जरूरी बर्तन और दैनिक उपयोग का सामान शामिल है। जैसलमेर पहुंचने पर उन्होंने बताया कि मरुस्थल की तेज गर्मी और लंबी दूरी के बावजूद लोगों का समर्थन और उत्साह उन्हें लगातार आगे बढऩे की प्रेरणा दे रहा है। यहां उन्होंने होमगार्ड परिसर में अधिकारियों व कार्मिकों के अलावा जनप्रतिनिधियों व समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात की।

फिटनेस, पर्यावरण और संस्कृति का संदेश लेकर बढ़ रहा कारवां

महेश प्रजापति ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का भ्रमण करना नहीं है, बल्कि युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और सनातन संस्कृति का संदेश फैलाना भी है। वे रास्ते में स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं में जाकर लोगों से संवाद भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसलमेर के बाद वे माउंट आबू, उदयपुर होते हुए गुजरात की ओर बढ़ेंगे। वे इससे पहले साइकिल से नेपाल, भूटान, थाईलैंड और वियतनाम की यात्राएं भी कर चुके हैं।

विद्युत श्रमिक संघ ने सौंपा ज्ञापन, 27 मांगें न मानी तो आंदोलन

जैसलमेर राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के आह्वान पर जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ जैसलमेर के कर्मचारियों ने बुधवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय जैसलमेर में अधीक्षण अभियंता (पवस) जोधपुर डिस्कॉम जैसलमेर को एक ज्ञापन सौंपा। व्रत महामंत्री राजू सिंह चौहान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों की 27 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण और समस्याओं के निवारण की मांग की गई है।

Published on:
06 May 2026 08:21 pm
Also Read
View All