22 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जैसलमेर में 2 हादसे: ट्रेन से गिरकर नागौर का युवक लहूलुहान, नीलगाय को बचाने के चक्कर में पलटी कार; 1 की मौत, 2 घायल

Lathi Railway Station Accident: जैसलमेर जिले के श्री भादरिया लाठी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय नागौर का निवासी कैलाश प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरकर गंभीर घायल हो गया। वहीं, रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार पलटने से जेठाराम की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
Jaisalmer Accident News

ट्रेन से गिरकर युवक घायल तो कार पलटने से युवक की मौत (पत्रिका फोटो)

Jaisalmer Accident News: जैसलमेर में सोमवार को हादसे की दो खबरें सामने आई हैं। पहला हादसा भादरिया लाठी रेलवे स्टेशन पर हुआ, जबकि दूसरा सड़क हादसा रामदेवरा के पास हुआ। इन दोनों हादसों में एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसा युवक

जैसलमेर के लाठी कस्बे में स्थित भादरिया लाठी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के खाली हिस्से में जा गिरा।

हादसे में नागौर जिले का रहने वाला युवक कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद युवक को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। युवक खून से लथपथ था, जिसे तुरंत लाठी के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पोकरण रेफर कर दिया।

नीलगाय को बचाने के चक्कर में पलटी कार, एक की मौत

दूसरी घटना रामदेवरा-फलोदी मार्ग पर रामदेवरा टोल से आगे पुलिया के पास सोमवार सुबह हुई। यहां जोधपुर के मथानिया निवासी तीन लोग कार में सवार होकर रामदेवरा की तरफ जा रहे थे। तभी अचानक चलती कार के सामने एक नीलगाय आ गई।

कार चालक ने नीलगाय को बचाने के लिए तेजी से कट मारा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। सड़क हादसा इतना भीषण था कि कार सवार जेठाराम पुत्र गोबरराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू पुत्र सोहनराम और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी अक्षय और पायलट भवानी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को संभाला और पोकरण जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जेठाराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।