
महेंद्र मीणा (पत्रिका फोटो)
Pali Road Accident Police Constable Death: पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब डेढ़ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में पाली पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल महेंद्र मीणा की मौत हो गई। हादसा खौड़-जवाली मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े डंपर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सोमेसर चौकी प्रभारी रमेश मीणा ने बताया कि रानी तहसील के आंकड़ावास गांव निवासी महेंद्र मीणा पुत्र पेमाराम मीणा पाली पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। रविवार रात वह बाइक से खौड़ गांव से अपने गांव आंकड़ावास लौट रहे थे। इसी दौरान खौड़-जवाली मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े एक डंपर के नीचे उनकी बाइक घुस गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय सामने से एक कार आ रही थी। कार की तेज रोशनी के कारण महेंद्र मीणा को सड़क किनारे खड़ा डंपर दिखाई नहीं दिया और वह सीधे बाइक सहित डंपर के नीचे घुस गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के समय डंपर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सूचना पर रानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बूसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्जकर फरार चालक और डंपर की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। घटना के बाद पुलिस विभाग और मृतक के गांव में शोक की लहर है।
पाली पुलिस लाइन प्रभारी लता बेगड़ ने बताया कि महेंद्र मीणा के पिता पेमाराम मीणा भी पुलिस विभाग में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद महेंद्र मीणा को मई 2021 में अनुकंपा नियुक्ति के तहत कांस्टेबल पद पर नौकरी मिली थी। वह लंबे समय से पाली पुलिस लाइन में तैनात थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महेंद्र 1 जून 2026 से गैरहाजिर चल रहे थे। विभाग के पास उनके गैरहाजिर रहने के कारणों की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं थी।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र की शादी करीब डेढ़ महीने पहले 8 मई को ही हुई थी। महेंद्र का ससुराल पाली जिले के साकदड़ा गांव में है। हादसे में हुई उसकी मौत से पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
Updated on:
23 Jun 2026 07:36 am
Published on:
22 Jun 2026 11:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
