21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer Crime News: बोहा हत्याकांड में मृतक की पहचान, ट्रैक्टर लेकर फरार आरोपी तलाश जारी

बोहा गांव की सरहद में रक्तरंजित अवस्था में मिले अज्ञात शव की पहचान बीकानेर के नोखा क्षेत्र निवासी अमरचंद सोनी (62) के रूप में हुई है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच तेज कर दी गई है, जबकि घटनास्थल से मिले ट्रैक्टर के टायरों के निशान अहम सुराग माने जा रहे हैं।

2 min read
Google source verification
jaisalmer crime photo

file photo

मोहनगढ़ ( जैसलमेर ). क्षेत्र के बोहा गांव की सरहद में शनिवार को रक्तरंजित अवस्था में मिले अज्ञात शव की पहचान रविवार को हो गई। मृतक की पहचान बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र के काकड़ा निवासी अमरचंद सोनी (62) के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दी हैं। शनिवार को बोहा गांव के निकट जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का रक्त से सना शव मिलने की सूचना पर मोहनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया गया और पहचान नहीं होने के कारण जिला मुख्यालय स्थित जवाहिर चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया। रविवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर शव की शिनाख्त अमरचंद सोनी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहले मिले टायरों के निशानों को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।

साक्ष्यों व तकनीकी जानकारी के आधार पर आगे बढ़ा रहे जांच

पुलिस अब घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जानकारियों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मृतक के पुत्र राकेश सोनी ने मोहनगढ़ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अनुसंधान की गति बढ़ा दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। मामले के हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का स्पष्ट खुलासा हो सके। पोस्टमार्टम के दौरान मोहनगढ़ थाना के एएसआइ जालमसिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान कर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए मृतक के परिजनों, परिचितों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी जारी है। उनके अनुसार जांच से जुड़े हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और उम्मीद है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।