
जैसलमेर. शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में योगाभ्यास करते हुए।
जैसलमेर. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह जैसलमेर में योगमय वातावरण रहा। सोनार दुर्ग की तलहटी स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद योग साधकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्थी एजिंग रही, जिसके अनुरूप जिले भर में जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित हुए। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, कपालभाति जैसे विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया। चतुर्वेदी ने मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई। गड़ीसर सरोवर और सोनार दुर्ग प्रोल पर भी विशेष योग सत्र हुए।
अखिल विश्व गायत्री परिवार जैसलमेर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रम के बाद आमजन में तुलसी पौधों का वितरण किया। पूनम स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में योग सत्र संपन्न होने के बाद गायत्री परिवार के सदस्यों ने निःशुल्क पौधे वितरित किए। जिला गायत्री परिवार के न्यासी बाबुदान ने बताया कि सुबह गायत्री परिवार के सदस्यों ने योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को तुलसी पौधे दिए गए। उन्हें योग के महत्त्व के साथ पर्यावरण संरक्षण और तुलसी पौधे के गुणों से अवगत कराया गया। गायत्री परिवार प्रतिवर्ष योग दिवस पर निःशुल्क औषधीय पौधों का वितरण करता है। इस वितरण में चैनाराम, महेश माहेश्वरी, तरुण माहेश्वरी, रितेश श्रीमाली और मुन्ना गिरी शामिल थे।
पोकरण कस्बे के राजकीय कन्या महाविद्यालय में योग भी, वोट भी थीम पर योग दिवस मनाया गया। पतंजलि योग संस्थान के जिला प्रभारी राजेन्द्रसिंह के निर्देशन में विद्यार्थियों ने योग किया। योग व प्राणायाम का अभ्यास करवाने के साथ जीवन में योग को अपनाने का संकल्प दिलाया गया। प्राचार्य डॉ. झंवरराम ने योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
क्षेत्र के मोडरडी गांव में स्थित राजकीय विद्यालय में हृदय परियोजना के तत्वावधान में योग दिवस मनाया गया। शारीरिक शिक्षक मनसुख ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उरमूल ट्रस्ट के कार्यक्रम प्रबंधक दीनदयाल अरोड़ा ने योग के महत्व की जानकारी देते हुए जीवन में प्रतिदिन योग को अपनाने की बात कही। प्रधानाचार्य हीरदान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Published on:
21 Jun 2026 08:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
