
जैसलमेर। आगामी पर्यटन सीजन से पहले स्वर्णनगरी के विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। नगरपरिषद की ओर से शहर में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सौन्दर्यकरण, पर्यटन विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा से जुड़े कार्यों पर 50.35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर बदलने के साथ पर्यटकों के लिए सुविधाओं में भी इजाफा होने की उम्मीद है। इसी कड़ी में मंगलवार को जोधपुर-रामगढ़ बाईपास लिंक रोड पर जैसलमेर के संस्थापक महारावल जैसलदेव की अश्वारूढ़ प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया गया। जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी एवं पूर्व राजघराना सदस्य चैतन्यराजसिंह ने विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान स्वर्णनगरी के समग्र विकास से जुड़े अन्य कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
नगरपरिषद की ओर से प्रस्तावित कार्यों में सोनार दुर्ग के चारों ओर किला पार्किंग तक हेरिटेज वॉक-वे का सौन्दर्यकरण एवं विकास प्रमुख है। ऐतिहासिक दुर्ग के आसपास के क्षेत्र को आकर्षक बनाने के साथ पर्यटकों के आवागमन को बेहतर करने के उद्देश्य से यह कार्य किया जाएगा। इससे सोनार दुर्ग आने वाले पर्यटकों को बेहतर हेरिटेज अनुभव मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा पंचायत समिति सम चौराहा से नीरज बस स्टैंड सर्किल तक स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। गड़ीसर सर्किल से डब्ल्यूआरडी कार्यालय तक रोड शोल्डर पर कोबल स्टोन का कार्य भी प्रस्तावित है।
नगर परिषद की विकास योजना में खेल और शिक्षा सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इन्दिरा इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण होगा, वहीं डेजर्ट क्लब में बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। पुलिस लाइन कच्ची बस्ती स्थित तनाश्रम में हॉल निर्माण तथा मेघवाल समाज भवन के छात्रावास में लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जाएगा। विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि स्वर्णनगरी की ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। 50.35 करोड़ रुपए के कार्यों से शहर के सौन्दर्यकरण, पर्यटन, खेल और आधारभूत सुविधाओं को गति मिलेगी। चैतन्यराजसिंह ने कहा कि जैसलमेर की ऐतिहासिक विरासत अमूल्य धरोहर है। हेरिटेज वॉक-वे सहित सौन्दर्यकरण के कार्यों से स्वर्णनगरी की विरासत को नई पहचान मिलेगी। महारावल जैसलदेव की अश्वारूढ़ प्रतिमा का शिलान्यास जैसलमेर के गौरवशाली इतिहास के सम्मान का प्रतीक है। नगर परिषद के अनुसार इन कार्यों का लाभ पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों को भी मिलेगा। जल निकासी, सड़क किनारे सुविधाओं, खेल संसाधनों और अध्ययन सुविधाओं के विकास से शहर की नागरिक सुविधाएं मजबूत होंगी। पर्यटन सीजन से पहले प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर स्वर्णनगरी के सौन्दर्य और पर्यटक सुविधाओं में और निखार आने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जैसलमेर वीरेन्द्र सिंह, कार्यवाहक आयुक्त पवन कुमार, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, पूर्व प्रधान सुनीता भाटी सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, नगरवासी और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।