18 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer: सेना के वाहन से टकराकर पलटा कैंपर वाहन, चार युवक गंभीर घायल, तीन जोधपुर रेफर

लाठी। एमईएस फांटे के पास मंगलवार सुबह सेना के वाहन से पीछे से टकराने के बाद कैंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंपर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों ने सेना के जवानों की मदद से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को पोकरण रेफर किया गया, जहां तीन की गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर भेजा गया।
2 min read
Google source verification
lathi news jaisalmer

सेना के वाहन से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो कैंपर को देखते ग्रामीण व मौके पर मौजूद सेना के जवान।

लाठी ( जैसलमेर ). कस्बे में एमईएस फांटे के पास मंगलवार सुबह सेना के वाहन से पीछे से टकराने के बाद कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कैंपर में सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने सेना के जवानों की मदद से घायलों को लाठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पोकरण रेफर किया गया, जहां तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सेना का एक ट्रक लाठी कस्बे से राष्ट्रीय राजमार्ग-11 होते हुए एमईएस की ओर जा रहा था। एमईएस फांटे पर ट्रक दाईं ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से सोढ़ाकोर की ओर जा रहा कैम्पर वाहन सेना के वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कैंपर का संतुलन बिगड़ गया और वह तीन-चार बार पलटते हुए हाईवे पर जा गिरी। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के साथ दुर्घटना में सोढ़ाकोर निवासी ओमप्रकाश (22), प्रेमाराम (45) पुत्र भूराराम, विक्रम (20) पुत्र रतनाराम मेघवाल और मानसिंह (32) पुत्र इन्द्रसिंह राजपूत घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कैंपर में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

ग्रामीण गुलाम कादर, पदम दर्जी और तने राव सिंह ने सेना के जवानों की मदद से घायलों को लाठी पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पोकरण रेफर किया। पोकरण में ओमप्रकाश, प्रेमाराम और विक्रम की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी, बलूदान चारण, रमेश विश्नोई और प्रदीप कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंपर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू की। घायलों के बयान और घटनास्थल की जानकारी के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

शराब पीकर बाइक चलाते एक गिरफ्तार

पोकरण. पुलिस ने मंगलवार को शराब पीकर बाइक चलाने पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सहायक उपनिरीक्षक मुकेश बीरा मंगलवार को कस्बे में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मध्यप्रदेश निवासी कालूसिंह शराब के नशे में मोटरसाइकिल लेकर आ रहा था। जिसे रुकवाकर जांच की तो वह शराब के नशे में था। ब्रिथ इन लाइट यंत्र से जांच की तो उसके शराब पीए होने की पुष्टि हुई। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।