जैसलमेर

jaisalmer: गुजराती सैलानियों की आमद से जैसलमेर में आकार ले रहा फेस्टिव इकोनॉमी का नया मॉडल

दीपावली के बाद गुजरात से जैसलमेर पहुंचने वाले सैलानियों ने पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दी है। गोवर्धन पूजा से लाभ पंचमी तक पांच दिनों में 60 हजार पर्यटकों की आवक और 85 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। होटल-रिसॉर्ट से आगे टैक्सी, हस्तशिल्प, खानपान और लोककलाओं तक पहुंच रही पर्यटकों की खर्च की रकम स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 8:02 PM IST
jaisalmer news
जैसलमेर. सोनार दुर्ग में भ्रमण करने पहुंचे पर्यटक।

जैसलमेर. स्वर्णनगरी में दिवाली के दौरान उमड़ने वाली गुजराती सैलानियों की भीड़ केवल पर्यटन स्थलों की रौनक नहीं बढ़ा रही, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए कमाई का नया अवसर भी बन रही है। पांच दिन के इस फेस्टिव सीजन में पर्यटकों की जेब से निकलने वाला पैसा होटल और रिसॉर्ट से आगे बढ़कर टैक्सी चालकों, हस्तशिल्पियों, ऊंट संचालकों, लोककलाकारों, रेस्टोरेंट, होमस्टे और छोटे दुकानदारों तक पहुंच रहा है। पर्यटन कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, गोवर्धन पूजा से लाभ पंचमी तक करीब 60 हजार पर्यटकों की आवक और लगभग 85 करोड़ रुपए के कारोबार की संभावना है। यानी जैसलमेर में पर्यटन का नया गणित अब केवल कितने पर्यटक आए, बल्कि उनके खर्च से कितने स्थानीय परिवारों को रोजगार मिला, इस आधार पर भी समझा जा रहा है। गौरतलब है कि गुजरात के व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार दीपावली के बाद छुट्टियों में जैसलमेर पहुंचते हैं। इस दौरान शहर के होटल, होमस्टे, सम-खुहड़ी के रिसॉर्ट और टेंट कॉलोनियों में बुकिंग बढ़ जाती है, लेकिन इस सीजन की आर्थिक अहमियत होटल की कमाई से कहीं आगे है। पर्यटक होटल से निकलकर स्थानीय परिवहन, खानपान, खरीदारी, गाइड और मनोरंजन गतिविधियों पर भी खर्च करते हैं। यही खर्च अलग-अलग छोटे व्यवसायों तक पहुंचकर पर्यटन की कमाई का दायरा बढ़ाता है।

धोरों की सफारी से हस्तशिल्प तक, हर अनुभव में कारोबार

शहर से करीब 42 किलोमीटर दूर सम के धोरों में ऊंट और जीप सफारी पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण हैं। इससे ऊंट मालिकों, सफारी संचालकों, वाहन चालकों और स्थानीय कर्मचारियों को सीजन में अतिरिक्त काम मिलता है। शाम को होने वाले लोकसंगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम मांगणियार कलाकारों सहित स्थानीय लोककलाकारों के लिए भी रोजगार का माध्यम बनते हैं। वहीं सोनार दुर्ग, पटवा हवेली और गड़ीसर सरोवर पहुंचने वाले पर्यटक स्थानीय बाजारों से हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, सजावटी सामान और स्मृति चिह्न खरीदते हैं। इस तरह पर्यटन का पैसा शहर के कई कारोबारी वर्गों तक पहुंचता है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म ने बदला पर्यटन का बाजार

अब जैसलमेर की यात्रा का फैसला केवल ट्रैवल एजेंट या परिचितों की सलाह से नहीं हो रहा। सोशल मीडिया की तस्वीरें, वीडियो, ऑनलाइन रिव्यू और डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म पर्यटकों की पसंद तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। होटल और रिसॉर्ट के साथ छोटे होमस्टे, सफारी संचालक और स्थानीय गाइड भी डिजिटल माध्यमों से सीधे पर्यटकों तक पहुंच बना रहे हैं। इससे पर्यटन बाजार में छोटे कारोबारियों की भागीदारी के नए रास्ते खुल रहे हैं।

फेस्टिव इकोनॉमी के पांच प्रमुख लाभार्थी

हस्तशिल्पी: पारंपरिक कलाकृतियों, वस्त्रों और स्थानीय उत्पादों की बिक्री।

परिवहन व्यवसाय: टैक्सी, ऑटो और निजी वाहन संचालकों को अतिरिक्त काम।

लोककलाकार: मांगणियार कलाकारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जुड़ी आय।

सफारी व्यवसाय: ऊंट सफारी, जीप सफारी और रेगिस्तानी गतिविधियों से कमाई।

छोटे कारोबारी: होमस्टे, रेस्टोरेंट और स्थानीय दुकानों को नए ग्राहक।

फैक्ट फाइल

-5 दिन: दिवाली से लाभ पंचमी तक गुजराती पर्यटकों का प्रमुख सीजन

- 60 हजार: स्वर्णनगरी पहुंचने वाले पर्यटकों की अनुमानित संख्या।

-85 करोड़: पर्यटन कारोबार से संभावित आर्थिक आवक का अनुमान।

-12 से अधिक: जैसलमेर के प्रमुख और लोकप्रिय पर्यटन स्थल।

-42 किलोमीटर: जैसलमेर से सम के धोरों की दूरी

एक्सपर्ट व्यू : पर्यटन की असली ताकत स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ाव

जैसलमेर में फेस्टिवल इकोनॉमी की वास्तविक ताकत पर्यटकों के खर्च का स्थानीय स्तर पर वितरण है। जब सैलानी होटल के साथ स्थानीय परिवहन, हस्तशिल्प, खानपान, सफारी और लोककलाओं पर भी खर्च करते हैं, तब पर्यटन का लाभ छोटे व्यवसायों और स्थानीय परिवारों तक पहुंचता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इन व्यवसायों को सीधे पर्यटकों से जोड़ना और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना इस मॉडल को अधिक मजबूत बना सकता है।

- सुमेरसिंह राजपुरोहित , पर्यटन विशेषज्ञ

Updated on:
12 Nov 2026, 8:02 PM IST
Published on: