11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: हड़बड़ी में न हो जाए गड़बड़ी… सोनार दुर्ग को दूसरे रास्ते का इंतजार

सोनार दुर्ग की सुरक्षा और पर्यटकों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की योजना लंबे समय से फाइलों में अटकी है। सर्वे, प्रस्ताव और विभागीय बैठकों के बावजूद रिंग रोड से दुर्ग तक दूसरा रास्ता विकसित करने की दिशा में ठोस प्रगति नहीं हुई है। हाल ही में एएसआइ की दिल्ली टीम के निरीक्षण से एक बार फिर इस योजना के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 11 Nov 2026, 9:12 PM IST

jaisalmer

ऐतिहासिक सोनार दुर्ग की मोरी में मौजूद पुराना रास्ता, जो पर्यटकों की बढ़ती आवक के बीच दुर्ग में प्रवेश के वैकल्पिक मार्ग की जगा रहा उम्मीद।

जैसलमेर. विश्वविख्यात सोनार दुर्ग की सुरक्षा और आवाजाही को लेकर दूसरे रास्ते की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है, लेकिन सर्वे और प्रस्तावों के बावजूद यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। दुर्ग तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की मांग कई बार उठ चुकी है। रिंग रोड की ओर से रास्ते का विकल्प तलाशने के लिए सर्वे भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति नहीं होना सवाल खड़े कर रहा है। गौरतलब है कि केंद्रीय पर्यटन एवं कला संस्कृति मंत्री की पहल पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और नगरपरिषद के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। उम्मीद जगी थी कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय से योजना आगे बढ़ेगी और दुर्ग को एक वैकल्पिक प्रवेश मार्ग मिल सकेगा। जानकारी के अनुसार गत दिनों इस कार्य को क्रियान्वित करने के संबंध में एएसआइ की दिल्ली से टीम ने सोनार दुर्ग का निरीक्षण किया था।

आपात स्थिति में मौजूदा रास्ते पर बढ़ सकता है दबाव

सोनार दुर्ग जैसलमेर की पहचान होने के साथ प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है। यहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में किसी दुर्घटना, आगजनी या अन्य आपात स्थिति के दौरान वैकल्पिक मार्ग की अनुपलब्धता चुनौती बन सकती है। राहत एवं बचाव दलों की आवाजाही, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आपात सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिहाज से दूसरा रास्ता महत्वपूर्ण हो सकता है। यह केवल आवागमन की सुविधा का विषय नहीं, बल्कि दुर्ग की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से भी जुड़ा मसला है। मौजूदा समय में देशी सैलानियांे के बम्पर आगमन से एक बार फिर दुर्ग से आवाजाही के वैकल्पिक मार्ग की जरूरत शिद्दत से महसूस की जा रही है।

दूरदर्शी योजना की दरकार

सदियों पुराना सोनार दुर्ग ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इसके संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े किसी भी निर्णय में धरोहर की संरचनात्मक स्थिति, आसपास के क्षेत्र और पुरातात्विक नियमों का ध्यान रखना आवश्यक है। वैकल्पिक मार्ग का निर्माण भी विशेषज्ञों की सलाह और संबंधित विभागों की मंजूरी के अनुरूप होना चाहिए। ऐसे में सर्वे के निष्कर्षों की समीक्षा कर योजना की मौजूदा स्थिति सार्वजनिक करना और आगे की कार्ययोजना तय करना जरूरी है।

फैक्ट फाइल -

- 870 वर्ष प्राचीन सोनार दुर्ग

- 10 लाख सैलानी प्रतिवर्ष निहारते हैं दुर्ग

- 3000 से अधिक आबादी करती है निवास

- 02 वार्डों में विभक्त है जैसलमेर दुर्ग

- 10 दर्शनीय स्थल दुर्ग में

नई डीपीआर बनाई जा रही

जैसलमेर दुर्ग से वैकल्पिक मार्ग निकालने से सम्बन्धित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाने का कार्य करवाया जा रहा है। पूर्व में बनाई गई डीपीआर को अस्वीकृत किया गया था।

- पवन कुमार, आयुक्त, नगरपरिषद जैसलमेर