11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: रामदेवरा मेले से श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जैसलमेर-रामदेवरा मार्ग पर जाम; तहसीलदार भी फंसे

पोकरण में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आवक ने बुधवार सुबह यातायात व्यवस्था की रफ्तार थाम दी। जैसलमेर-रामदेवरा मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। यातायात सुचारु करने में पुलिस को करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 11 Nov 2026, 8:49 PM IST

jaisalmer news

पोकरण. शक्तिस्थल के सामने लगा वाहनों का जाम। पत्रिका

पोकरण @ पत्रिका. कस्बे में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी संख्या में आवक के चलते बुधवार सुबह जैसलमेर और रामदेवरा मार्ग पर लंबा जाम लग गया। हालात यह हो गए कि लगभग एक किलोमीटर तक सैकड़ों वाहन फंस गए। यातायात सुचारु करने में करीब एक घंटे का समय लगा। गुजरात से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आवक हो रही है। साथ ही, बुधवार को शुक्ल पक्ष की द्वितीया होने से रामदेवरा में मेला लगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। सुबह करीब 11 बजे यातायात पुलिस ने जैसलमेर मार्ग पर शक्तिस्थल के आगे से यातायात को एकतरफा करने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की भीड़ बढ़ने से जाम लग गया।

शक्तिस्थल के आगे एकबारगी बिगड़ी यातायात व्यवस्था के कारण पोकरण कस्बे की तरफ जाने वाली सड़क, जैसलमेर मार्ग और रामदेवरा मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों का जमावड़ा लग गया। इस दौरान सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पोकरण से नाचना जा रहे तहसीलदार प्रीतमसिंह भुरटिया भी जाम में फंस गए। काफी मशक्कत के बाद वे सत्यमेव जयते चौक पहुंच पाए और जाम खुलने का इंतजार किया। इसी दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। यातायात पुलिस प्रभारी सवाईसिंह तंवर के नेतृत्व में टीम ने मोर्चा संभाला और वाहनों को निकालने का प्रयास किया। उन्हें लगभग एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।

समाधि पर स्वर्ण मुकुट प्रतिस्थापित

रामदेवरा . लोक देवता रामदेव की समाधि के दर्शनार्थ कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को रामदेवरा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित देशभर से हजारों श्रद्धालु समाधि दर्शन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने रामदेव के समक्ष शीश नवाकर देश-प्रदेश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बुधवार को करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने रामदेव समाधि के दर्शन कर अपने गंतव्य स्थलों की ओर प्रस्थान किया। बुधवार को रामदेव समाधि पर स्वर्ण मुकुट का प्रतिस्थापन किया गया। इससे पूर्व समाधि का पंचामृत से अभिषेक कर विधि-विधान से विशेष आरती की गई। स्वर्ण मुकुट प्रतिस्थापन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं की भारी आवक मंगलवार शाम से ही शुरू हो गई थी। समाधि समिति ने मंगलवार रात दस बजे तक दर्शन के प्रवेश द्वार खुले रखे। वहीं, बुधवार देर रात करीब दो बजे ही श्रद्धालुओं के लिए समाधि के द्वार खोल दिए गए, फिर भी लंबी कतारें लगी रहीं। समाधि परिसर से लेकर बाहर तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने अपनी बारी का इंतजार किया। भीड़ के दबाव के कारण दर्शन व्यवस्था में अव्यवस्थाएं भी दिखीं। लंबी कतारों के दौरान कई श्रद्धालु बीच में घुसने का प्रयास करते नजर आए, जिसका कतार में लगे अन्य श्रद्धालुओं ने विरोध भी किया। प्रथम पुलिया और द्वितीय पुलिया के पास भीड़ जमा होने से स्थिति और परेशानी भरी हो गई। प्रभावी निगरानी और व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हुई। श्रद्धालुओं की भीड़ से रामदेवरा के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में रौनक लौट आई। मुख्य बाजार सहित प्रमुख बाजारों में दिनभर यात्रियों की आवाजाही बनी रही, जिससे व्यापारियों में उत्साह दिखा।