जैसलमेर. सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर नए लोगों से दोस्ती करना आज आम बात हो गई है, लेकिन इस आभासी दुनिया में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। आकर्षक प्रोफाइल, मीठी बातें और मिलने का न्योता किसी बड़ी धोखाधड़ी या आपराधिक वारदात का कारण बन सकता है। जैसलमेर में डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क कर एक व्यक्ति को मिलने के बहाने बुलाने, अपहरण करने, मारपीट और यूपीआई से रुपए ट्रांसफर करवाने की घटना ने ऑनलाइन दोस्ती के खतरे को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार डेटिंग ऐप पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क होने पर उसकी पहचान और प्रोफाइल की विश्वसनीयता जांचना जरूरी है। बिना परिचय और भरोसे के अपना मोबाइल नंबर, घर का पता, बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या निजी फोटो-वीडियो साझा नहीं करने चाहिए। कोई व्यक्ति अचानक पैसों की मांग करे या किसी लिंक पर क्लिक करने को कहे तो सतर्क रहें। वीडियो कॉल के जरिए पहचान की पुष्टि करना भी उपयोगी हो सकता है।