स्थानीय पुलिस लाइन बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उसे बचाने का प्रयास करने गए उसके पिता भी करंट से झुलस गए।
स्थानीय पुलिस लाइन बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। उसे बचाने का प्रयास करने गए उसके पिता भी करंट से झुलस गए। आस-पड़ोस के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां 22 वर्षीय अजयपाल सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि पुलिसकर्मी पिता नरपतसिंह का उपचार किया गया। यह हादसा घर की छत पर पानी की निकासी का प्रयास करने के दौरान वहां से गुजर रही विद्युत लाइन के छूने से हुआ। बताया जाता है कि गुरुवार शाम को शहर में हुई बरसात के चलते नरपत सिंह के घर की छत पर पानी जमा हो गया था। नरपत सिंह के बेटे अजयपाल सिंह ने पानी की निकासी के लिए लोहे की छड़ थामी हुई थी। वह छड़ लाइन से टकरा गई और अजयपाल उससे चिपट गया। करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। चीख सुनकर नरपत सिंह बचाने के लिए दौड़े, लेकिन उन्हें भी करंट का झटका लगा। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को तार से अलग किया। अजयपाल के शव का जवाहिर चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। अजयपाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस घटना से पुलिस महकमे सहित उनके घर के आसपास की बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई है।