16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिन दहाड़े सुनार की दुकान में चोरी का प्रयास, थाने में शिकायत दी

जैसलमेर के कचहरी मार्ग पर स्थित सुनार की दुकान में गुरुवार सुबह दो जनों ने चोरी का प्रयास किया। दुकानदार ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर के कचहरी मार्ग पर स्थित सुनार की दुकान में गुरुवार सुबह दो जनों ने चोरी का प्रयास किया। दुकानदार ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने चोरी के आरोपी महिला व पुरुष को वहां पहुंच कर दस्तयाब किया और अपने साथ थाने ले गई। दुकानदार त्रिलोकचंद सोनी ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने गुरुवार सुबह 10.30 बजे अपनी दुकान खोली। थोड़ी देर बाद एक महिला व पुरुष दुकान पर आए और चांदी की पाजेब और अंगूठी आदि दिखाने के लिए कहा।

उन्होंने सामान काउंटर पर रखा और थोड़ी देर में पाजेब गायब दिखी, तब दुकानदार ने उन दोनों से पूछताछ शुरू की। इतने में आसपास के दुकानदार भी वहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि काफी देर बाद पुरुष ने अपनी जेब से उठाई गई पाजेब निकाल कर दी। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और जरूरी पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अपने साथ थाने ले गए। दुकानदार सोनी ने कोतवाली पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही शहर के दासोती पाड़ा में दिन दहाड़े एक घर में घुस कर तीन जनों ने महिला को बंधक बना कर लाखों के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए कुल 5 जनों को गिरफ्तार किया और माल भी बरामद किया।

मॉल से दिन दहाड़े महिलाएं चोरी कर ले गई पोशाकें

पोकरण कस्बे में पुलिस थाने के सामने स्थित एक मॉल में हुई चोरी पर मामला दर्ज किया गया है। कस्बे में पुलिस थाने से केवल 100 फीट की दूरी पर सामने ही एक मॉल स्थित है। यहां दिन दहाड़े आई कुछ महिलाओं ने पोशाकें चुरा ली। पुलिस के अनुसार मॉल के सेल्समैन ओमप्रकाश पुत्र बंशीलाल कुमावत ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि दो दिन पूर्व एक गाड़ी में सवार होकर चार महिलाएं व एक चालक यहां आए। महिलाएं कपड़े खरीदारी के लिए मॉल में घुसी। खरीदारी के दौरान करीब सात-आठ पोशाकें चुराकर अपने पहने हुए वस्त्रों में छिपा दिए और गाड़ी से रवाना हो गए। जब उन्हें संदेह हुआ तो मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की तो जानकारी मिली कि करीब 50 हजार रुपए की पोशाकें चुराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मालाराम कर रहे है।