16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अनुपमा जोरवाल ने संभाला जिला कलक्टर का कार्यभार

भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने गुरुवारको जैसलमेर जिले की 67वीं जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।

2 min read
Google source verification

भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने गुरुवारको जैसलमेर जिले की 67वीं जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के उपरांत जिला कलक्टर जोरवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा कर प्रशासनिक गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता स्पष्ट करते हुए कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

अनुपमा जोरवाल पूर्व में समग्र शिक्षा अभियान, राजस्थान, जयपुर में परियोजना निदेशक के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। उनका जैसलमेर से पूर्व अनुभव भी रहा है। उम्मीद लगाई जा रही है कि उन्हें जिले की आवश्यकताओं एवं चुनौतियों की गहन समझ है। उन्होंने बताया कि जिले में पर्यटन विकास को गति देना, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा रहेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल, सहायक कलक्टर रोहित वर्मा और सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अनुपमा जोरवाल का अभिनंदन किया।

पुन: कलक्टरी मिलने से खुशी व जिम्मेदारी का अनुभव

सीमावर्ती जैसलमेर में कलक्टर पद पर एक बार पुन: नियुक्ति मिलने पर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि वे इससे खुशी व जिम्मेदारी का अनुभव कर रही हैं। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में जोरवाल ने कहा कि पिछली बार उनका कार्यकाल बहुत छोटा रहा था। उस समय जो चुनौतियां थी, उन पर काम नहीं हो सका था, हालांकि शुरुआत कर दी गई थी। गौरतलब है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने पूर्व में साल 2018 में 9 मई से 22 जुलाई तक कार्य किया था। करीब ढाई माह में ही तब उनका स्थानांतरण हो गया था। कार्य संबंधी प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर जोरवाल ने कहा कि जिले में भूमि, पर्यटन और सीमांत क्षेत्र में विकास संबंधी प्रमुख मसले हैं। जिन पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। इसके अलावा मौजूदा गर्मी के मौसम में जल प्रबंधन, जल और बिजली की सुचारू आपूर्ति के साथ वर्तमान में ज्वलंत एलपीजी गैस आपूर्ति पर फोकस रहेगा। कलक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समय-समय पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन को सुशासन की दिशा में बढ़ाने की पहली कड़ी आमजन से संवाद है।