जैसलमेर शहर के हृदय स्थल गोपा चौक और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों आवारा पशुओं की स्वच्छन्दता से हर कोई परेशान है।
जैसलमेर शहर के हृदय स्थल गोपा चौक और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों आवारा पशुओं की स्वच्छन्दता से हर कोई परेशान है। सुबह हो या शाम… आवारा पशु झुंड में देखे जा सकते हैं, जिससे स्थानीय लोग और पर्यटक परेशान हैं।शहर के गोपा चौक, सदर बाजार, जिंदानी चौकी और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यह समस्या लंबे समय से जस की तस बनी हुई है।
सदर बाजार में दुकान चलाने वाले दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। कई बार पशु दुकान के सामने बैठ जाते हैं, जिससे रास्ता रुक जाता है। पर्यटकों को भी दिक्कत होती है, जिससे व्यापार पर असर पड़ रहा है।"
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े गोकुल कुमार का कहना है कि विदेशी पर्यटक जब जैसलमेर आते हैं, तो ऐतिहासिक धरोहरों को देखने की खुशी लिए आते हैं, लेकिन सडक़ पर घूमते पशु उनके लिए डर और असुविधा का कारण बन जाते हैं। यह जैसलमेर की छवि खराब कर रहा है।
स्थानीय निवासी अंजना कंवर ने बताया कि वह कई बार इन मवेशियों से बाल-बाल बची है।कई बार वे अचानक सडक़ पर आ जाते हैं, जिससे वाहन चालक घबरा जाते हैं और हादसे हो सकते हैं।
इसी तरह रमेश पंवार ने नाराजगी जताते हुए कहा पिछले हफ्ते ही एक बच्चा सडक़ पर खेलते हुए अचानक एक बैल की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि चोट गंभीर नहीं थी, लेकिन कब तक हम ऐसे ही डरते रहेंगे?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को हटाने के लिए अभियान चलाया जाए और पशुपालकों पर सख्ती की जाए।