
पोकरण (जैसलमेर). कस्बे में मालियों का बास से आशापुरा मंदिर जाने वाले मार्ग पर सब्जी मंडी के पास स्थित ऑनलाइन कोचिंग के एक स्टूडियो में बैटरियों में हुए ब्लास्ट से भीषण आग लग गई। आग बुझाते समय दो जने झुलस गए। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया। कस्बे के कोरियो का बास निवासी भवानीशंकर पुत्र लक्ष्मणराम माली ऑनलाइन कोचिंग का चैनल चलाते है। जिसका स्टूडियो आशापुरा रोड पर स्थित है। इसमें डिजीटल बोर्ड, महंगे कैमरे, स्टूडियो का पूरा सिस्टम, एसी, इन्वर्टर आदि लगे हुए थे। बुधवार को एक बैटरी में अचानक ब्लास्ट हुआ और कुछ ही देर में पास रखी अन्य सभी सात बैटरियों में आग लग गई। जिससे पूरा स्टूडियो धू-धू कर जलने लगा। यहां उपस्थित स्टाफ ने आग पर काबू करने का प्रयास किया, लेकिन भीषण आग और बैटरियों के ब्लास्ट होने से आग पर काबू करना मुश्किल हो रहा था। आग से इन्वर्टर, बैटरियां, कैमरे, एसी, सीसीटीवी, कम्प्यूटर सहित पूरे कागजात जलकर नष्ट हो गए। आग बुझाते समय स्टाफ मनीषकुमार व आशीष भी झुलस गए, जिनका राजकीय अस्पताल में उपचार किया गया। सूचना पर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया। आग से करीब 15 लाख रुपए का नुकसान हो गया। इस संबंध में उनकी ओर से पुलिस में भी रिपोर्ट दी गई है।
देशभर में बीते दिनों हुई आग की घटनाओं के बाद सरकार की ओर से कोचिंग संस्थाओं, विद्यालयों, रेस्टोरेंट, होटलों सहित सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र लगाने के लिए निर्देश जारी किए गए है। जिस पर नगरपालिका की ओर से कस्बे में व्यवसायिक संस्थाओं को आवश्यक रूप से अग्निशमन यंत्र लगाने के लिए पाबंद किया गया है, लेकिन अभी तक अधिकांश संस्थाओं की ओर से अग्निशमन यंत्र नहीं लगाए गए है। ऑनलाइन कोचिंग संस्था में भी यदि अग्निशमन यंत्र होता तो नुकसान कम होता और आग पर समय रहते काबू किया जा सकता था।
पोकरण. आयुर्वेद विभाग की ओर से आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत क्षेत्र के लवां गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गुरुवार को स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ.ताम्बलराम जुईया के निर्देशानुसार आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की सहायक नॉडल अधिकारी डॉ.चारुलता बेघड़ व डॉ.राजेन्द्रकुमार ने शिविर में शिविर में आए उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित गैरसंचारी रोगों एनसीडी के 58 मरीजों की जांच की और उपचार व परामर्श दिया। शिविर में कंपाउंडर धनसिंह मीणा ने भी सहयोग दिया। इस मौके पर उपस्वास्थ्य केन्द्र की एएनएम ज्योति ने 18 बच्चों के नियमित टीकाकरण और 10 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की। डॉ.चारुलता बेघड़ ने बताया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और योग स्वस्थ एवं निरोग जीवन की सबसे मजबूत नींव है।