
पोकरण. झाबरा में चोरी के बाद लगी भीड़ और जानकारी लेती पुलिस। पत्रिका
पोकरण ( जैसलमेर). क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन में हड़कंप मच गया है। दूसरी तरफ पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे है। दो दिन पूर्व लाठी थानाक्षेत्र के खेतोलाई गांव में चोरी की घटना हुई। अब बुधवार की रात भणियाणा थानाक्षेत्र के झाबरा गांव में एक साथ 5 घरों के ताले टूटे और अज्ञात चोर लाखों रुपए के आभूषण व नकदी लेकर भाग गए। गौरतलब है कि क्षेत्र के रामदेवरा गांव में लगने वाले भादवा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवक होती है। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की आवक शुरू होने वाली है। इन श्रद्धालुओं के साथ कई बार समाजकंटक भी शामिल हो जाते है, जो क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देते है। ऐसे में प्रतिवर्ष मेले के दौरान चोरी की वारदातें बढ़ जाती है। इस बार मेले से पूर्व ही चोरी की वारदातें होने लगी है। जिससे आमजन में भय का माहौल है।
भणियाणा पुलिस के अनुसार झाबरा गांव में अज्ञात चोरों की ओर से एक ही रात में पांच घरों के ताले तोड़े गए है। थाना प्रभारी रुगपुरी ने बताया कि झाबरा गांव के ओमसिंह राजपुरोहित के घर में दरवाजे व कमरे में रखे बक्शे का ताला तोड़ा, लेकिन चुराने के लिए कुछ नहीं मिला। रेंवतसिंह के घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन यहां कुछ मिला नहीं। गांव के ही भैरुसिंह व प्रवीणसिंह के मकान का भी ताला तोड़ा गया। ये दोनों गुजरात रहते है। इसलिए मकान बंद है। फिलहाल यहां सामान चोरी की सूचना नहीं है।
झाबरा गांव के ही ओमप्रकाश पुत्र विशनदास वैष्णव के परिवार के लोग घर के बाहर चौकी पर सो रहे थे। अज्ञात चोरों ने घर में रखी अलमारी व बक्शे के ताले तोड़कर 12 तोला सोने, डेढ़ किलो चांदी व 53 हजार रुपए नकद चुरा लिए। सूचना पर थानाप्रभारी रुगपुरी ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्रसिंह राठौड़ व वृताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने भी जांच की और पुलिस अधिकारियों को चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। जैसलमेर से आई क्राइम एमओबी टीम ने भी मौका मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन में भय व दहशत का माहौल है। जबकि वारदातों का खुलासा करने में पुलिस अभी तक विफल रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद गश्त बढ़ाने, आरोपियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसके उलट लोगों से सावचेत रहने की अपील की जा रही है।
Updated on:
06 Aug 2026 08:35 pm
Published on:
06 Aug 2026 08:35 pm
