नोख. क्षेत्र के इन्दिरा गांधी नहर व सीमावर्ती क्षेत्र के अंतिम छोर पर निवास कर रहे गांव व ढाणियों के लोगों को आज भी पानी, बिजली, चिकित्सा व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से महरूम रहना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार नोख क्षेत्र जिला मुख्यालय से 225 किमी दूर है तथा जिले के अंतिम छोर पर बसा हुआ है। इसके अलावा क्षेत्र के कई गांव व ढाणियां नोख से भी दूर सीमावर्ती क्षेत्र में बसी हुई है। इन गांवों व ढाणियों को आज भी शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। क्षेत्र में इन्दिरा गांधी नहर की कई वितरिकाएं व खाले बने हुए है, लेकिन यहां कभी भी समय पर पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति नहीं की जाती है। ऐसे में उन्हें दूर दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। गुरु जम्भेश्वर लिफ्ट परियोजना फलोदी से निकली नोख वितरिका में अंतिम छोर पर बैठे किसानों तक सिंचाई तो दूर पेयजल के लिएभी पानी मुहैया नहीं हो रहा है, जबकि अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से लिफ्ट नहर से पानी चोरी हो जाता है। फलोदी नहर से नेतावत माइनर से जुड़े गांव बीठे का गांव, नोख, बीकानेर के नेतावत गांव सहित अंतिम छोर तक कभी भी पानी नहीं पहुंच पाता है।जबकि इसी नहर से जुड़े जोधपुर जिले के गांवों में पर्याप्त जलापूर्ति की जा रही है तथा प्रभावशाली लोगों की ओर से साइफन डालकर पानी की चोरी भी की जा रही है।नोख क्षेत्र के ठाकरबा, गेलाबा, मेघवालों का कैम्प सहित अन्य कई गांवों के भी यही हालात है।