
रामायण में कैकयी के किरदार में लारा दत्ता। (फोटो सोर्स: @larabhupathi/instagram)
Lara Dutta on Kaikeyi: 'रामायण' को अक्सर अच्छाई और बुराई के बीच की सबसे बड़ी लड़ाई के रूप में देखा जाता है। लेकिन, बाल्मीकि रामायण में ऐसे बहुत कम पात्र हैं जिनमें अच्छाई और बुराई दोनों का मेल देखने को मिलता है। नीतेश तिवारी की 'रामायण' में कैकेयी का किरदार निभा रहीं लारा दत्ता का मानना है कि उनका रोल सिर्फ एक 'दुष्ट सौतेली मां' तक सीमित नहीं है, जैसा कि सदियों से अलग-अलग कहानियों में दिखाया जाता रहा है। 'स्क्रीन' के साथ एक खास बातचीत में, उन्होंने कैकेयी के अतीत के बारे में बताया और यह भी समझाया कि कैसे उन्होंने कुछ ही दृश्यों में इस किरदार के इतने बड़े भावनात्मक पहलू को पर्दे पर उतारा है।
नीतेश तिवारी की नई 'रामायण' में लारा दत्ता ने एक ऐसे किरदार को चुना है जिसे अक्सर गलत समझा गया है। कैकेयी के रूप में, लारा का कहना है कि वह उस 'दुष्ट सौतेली मां' वाली छवि से बाहर निकलना चाहती थीं, जो पीढ़ियों से इस रानी के साथ जुड़ी रही है।
लारा ने कहा कि नीतेश ने पर्दे पर कैकेयी के किरदार को बहुत ही संवेदनशीलता और बारीकी से पेश किया है। वह कहती हैं, "नीतेश ने कैकेयी को बहुत ही संवेदनशीलता और बारीकी से दिखाया है। कई संस्करणों में यह दिखाया गया है कि कैकेयी राम से बहुत प्यार करती थीं, शायद भरत से भी ज्यादा। राम हमेशा से उनके सबसे पसंदीदा रहे हैं।" फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि बचपन में कैकेयी अपने भोजन का पहला निवाला अपने सबसे बड़े सौतेले बेटे राम को खिलाती थीं, जिससे उनका अपना बेटा भरत अक्सर नाराज हो जाता था। लारा याद दिलाती हैं कि जब राम को अयोध्या का उत्तराधिकारी घोषित किया गया, तो कैकेयी ने कभी कोई आपत्ति नहीं जताई।
उनके लिए यह खुशी का मौका था। लारा उस दृश्य का जिक्र करती हैं, जिसमें कैकेयी राम के राज्याभिषेक के लिए सबसे सुंदर आभूषण और कपड़े चुनती हैं। कैकेयी के व्यवहार में आए बदलाव पर मंथरा (शीबा चड्ढा) एक अहम भूमिका निभाती है, जिसकी वजह से आखिरकार राम को 14 साल का वनवास मिलता है।
रामायण में अपनी को-स्टार शीबा चड्ढा की तारीफ करते हुए लारा कहती हैं, “वो, क्या शानदार कलाकार हैं! मंथरा के बिना कैकेयी का किरदार इतना मजबूत नहीं बन पाता। ये दोनों किरदार एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। इनके बीच का इतिहास बहुत पुराना और गहरा है। भले ही मंथरा संकुचित सोच वाली और चालबाज रही हो, लेकिन कैकेयी पर उसका बहुत गहरा प्रभाव था। यह एक बहुत ही पेचीदा और जटिल रिश्ता है।” इसके आगे, लारा ने उस बैकस्टोरी के बारे में बताती हैं, “कैकेयी पुरुषों से भरे परिवार में जन्मी इकलौती बेटी थी। जन्म के समय ही उसकी मां का निधन हो गया था। उसका पालन-पोषण मंथरा ने किया था। इसलिए, मंथरा के साथ उसका रिश्ता सिर्फ एक दाई या देखभाल करने वाली का नहीं था। कई मायनों में, वह उसके लिए एक मां के समान थी।” एक योद्धा राजकुमारी के रूप में पली-बढ़ी कैकेयी, ठीक अपनी भविष्य की बहू सीता (साई पल्लवी) की तरह, रथ चलाने में भी माहिर थी। वह अपने भाइयों के रथ चलाती थी और शादी के बाद अपने पति दशरथ (अरुण गोविल) का रथ भी चलाती थी।
लारा बताती हैं कि एक बार युद्ध के मैदान में कैकेयी ने दशरथ की जान बचाई थी, जिसके बदले में दशरथ ने उन्हें एक वरदान देने का वचन दिया था। लारा कहती हैं, “जब उसने युद्ध के मैदान में उनकी जान बचाई, तो दशरथ ने राजा के वचन के रूप में उसकी कोई भी इच्छा पूरी करने का वादा किया। उस समय कैकेयी ने कहा था कि उसने तो बस अपना कर्तव्य निभाया है।” लेकिन बाद में मंथरा ने कैकेयी को उस वचन की याद दिलाई, साथ ही एक और वादे की भी, जो उनकी शादी के समय हुआ था। लारा बताती हैं, “जब कैकेयी ने दशरथ से विवाह का प्रस्ताव रखा, तो उसके पिता नहीं चाहते थे कि वह किसी राजा की तीसरी रानी बने, क्योंकि वे जानते थे कि उन दिनों शादियां अक्सर राजनीतिक गठबंधन बनाने के लिए की जाती थीं।” इसके बाद दशरथ ने कैकेयी के पिता को वचन दिया कि उनका पुत्र ही अयोध्या के सिंहासन पर बैठेगा, चाहे वह सबसे बड़ा पुत्र हो या न हो।
लारा ने आगे बताया कि वह अपने किरदार को एक गरिमापूर्ण रूप देना चाहती थीं। "उन्हें हमेशा एक खलनायक के रूप में दिखाया गया है, लेकिन अगर आप गहराई से देखें, तो एक अन्य संस्करण में कहा गया है कि उन्होंने एक दिव्य उद्देश्य के साथ जन्म लिया था, ताकि भगवान राम रावण का वध करने की भविष्यवाणी को पूरा कर सकें और पृथ्वी पर शांति और आस्था की स्थापना कर सकें।"
उनका मानना है कि इस महाकाव्य में कैकेयी शायद सबसे ज्यादा गलत समझी जाने वाली पात्र हैं, और उनके बिना रामायण का अस्तित्व ही नहीं होता। अभिनेत्री बताती हैं, "अगर ऐसा न होता, तो राम अयोध्या के राजा बनते, किसी भी अन्य राजा की तरह शासन करते और बस यही उनका इतिहास होता। लेकिन उन्हें वनवास भेजे जाने की वजह से ही वे सभी घटनाएं घटीं, जिनमें रावण द्वारा सीता का अपहरण भी शामिल है। कहानी में वे एक बेहद अहम पात्र हैं।" भले ही बाद में कैकेयी को अपने फैसलों पर पछतावा होता है, लेकिन लारा का मानना है कि वह कोई खलनायक नहीं हैं, क्योंकि "उनके नजरिए से, वह बस वही मांग रही थीं जिसका उनसे वादा किया गया था, वह किसी के साथ कोई चाल नहीं चल रही थीं।"
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
17 Nov 2026, 2:35 PM IST
Published on:
17 Nov 2026, 2:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन




