जैसलमेर

भीषण गर्मी में पानी संकट से जूझते वन्यजीव, जीवन पर मंडराता खतरा

लाठी क्षेत्र में भीषण गर्मी और गहराते जल संकट ने वन्यजीवों और पक्षियों की जिंदगी को गंभीर खतरे में डाल दिया है। अप्रेल के अंतिम सप्ताह में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से हालात और विकट हो गए हैं।

2 min read
Apr 29, 2026

लाठी क्षेत्र में भीषण गर्मी और गहराते जल संकट ने वन्यजीवों और पक्षियों की जिंदगी को गंभीर खतरे में डाल दिया है। अप्रेल के अंतिम सप्ताह में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से हालात और विकट हो गए हैं। जंगलों में प्राकृतिक जलस्रोत पूरी तरह सूख चुके हैं, जबकि कृत्रिम जोहड़ और तालाब भी खाली पड़े हैं, जिससे वन्यजीवों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है।

पानी की कमी के कारण हिरण, नीलगाय, खरगोश, सियार और जंगली बिल्ली सहित कई जीव-जंतु प्यास से व्याकुल होकर जंगलों में भटक रहे हैं। पक्षियों की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है और कई पक्षी पानी के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। जलस्रोत नहीं मिलने पर वन्यजीव आबादी क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों की ओर रुख कर रहे हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से हादसों का खतरा बढ़ गया है।

यहां हालात निराशाजनक

लाठी, भादरिया, धोलिया, गंगाराम की ढाणी और खेतोलाई के आसपास स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है। जंगलों में बनी पशुखेलियां सूखी पड़ी हैं और कहीं भी नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था नजर नहीं आती। इससे वन्यजीवों की निर्भरता पूरी तरह प्राकृतिक संसाधनों पर रह गई है, जो इस समय समाप्त हो चुके हैं। स्थानीय वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि समय रहते जल प्रबंधन नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वन्यजीवों की मौतों में तेजी आ सकती है। उन्होंने जंगलों में अस्थायी जल टंकियां, टैंकर आपूर्ति और जलस्रोतों के पुनर्भरण की मांग उठाई है, ताकि वन्यजीवों को राहत मिल सके और पारिस्थितिकी संतुलन बना रहे।


ग्रामीण रथ आज जैसलमेर-पोकरण की पंचायतों में, होगा योजनाओं का प्रचार

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में एलईडी मोबाइल वैन आधारित ग्रामीण रथ का संचालन शुरू हो गया है। 28 अप्रेल को शुरू हुआ यह रथ आगामी 15 दिनों तक चलेगा। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की पिथला, सत्ता, धउआ, आकल और कीता ग्राम पंचायतों में ग्रामीण रथ पहुंचेगा। इसी प्रकार पोकरण विधानसभा क्षेत्र की बलाड, कजोई, स्वामीजी की ढाणी, फूलासर और भीखोडाई जूनी ग्राम पंचायतों में भी रथ भ्रमण करेगा। आगामी 1 मई को नेतसी, रामगढ़ सहित अन्य पंचायतों में भी रथ पहुंचेगा।

Published on:
29 Apr 2026 09:18 pm
Also Read
View All