जैसलमेर

वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मांगों को लेकर धरना शुरू

सांकड़ा क्षेत्र के भिणाजपुरा गांव के पास सोलर प्लांट के मुख्य द्वार के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया।

2 min read
Aug 19, 2025

सांकड़ा क्षेत्र के भिणाजपुरा गांव के पास सोलर प्लांट के मुख्य द्वार के पास सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया। जिसके बाद परिवारजनों व ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्लांट के मुख्य द्वार पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान शिव विधायक रविन्द्रसिंह भाटी भी यहां पहुंचे और कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार से महापड़ाव की चेतावनी भी दी। सांकड़ा थानाधिकारी राणसिंह ने बताया कि रिन्यू सोलर प्लांट में कार्यरत बाड़मेर जिले के शिव थानाक्षेत्र के आरंग निवासी रमेशदान (28) पुत्र लखदान व चोचरा निवासी कोजराजसिंह उर्फ सगतसिंह (27) पुत्र कानसिंह सोमवार रात काम से छुट्टी होने के बाद बाइक से गांव की तरफ जा रहे थे। प्लांट से बाहर निकलने के बाद करीब 200 मीटर की दूरी पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल फलसूंड के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने रमेशदान को मृत घोषित कर दिया। जबकि कोजराजसिंह को जोधपुर रैफर कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और मृतक के शव को फलसूंड अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

शव उठाने से इनकार, दिया धरना

हादसे में युवक की मौत के बाद परिवारजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण प्लांट के आगे एकत्रित हुए। परिवारजनों ने शव उठाने से इनकार करते हुए विभिन्न मांगें रखी। उन्होंने बताया कि दोनों युवक कंपनी में कार्यरत थे। जिनके लिए कंपनी में रहने की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। ग्रामीणों ने कंपनी के अधिकारियों से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने, एक आश्रित को कंपनी में नौकरी देने, बच्चों की शिक्षा व परवरिश का खर्चा वहन करने की मंाग की। सूचना पर उपखंड अधिकारी लाखाराम चौधरी धरनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़, थानाधिकारी राणसिंह सांकड़ा, सुमेरदान फलसूंड व देवाराम भणियाणा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पहुंचे शिव विधायक भाटी, आज से महापड़ाव की चेतावनी

घटना की सूचना मिलने पर शिव विधायक रविन्द्रसिंह भाटी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और परिवारजनों व ग्रामीणों के अनुसार उन्हें पैकेज देने की मांग करते हुए प्रशासन व पुलिस पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को यहां आने में इतना वक्त लग गया, जबकि कंपनी का काम होता तो आधी रात को भी भागते आ जाते है। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कर मृतक के परिजनों को उचित न्याय दिलाएं। अन्यथा मंगलवार से उपखंड अथवा जिला मुख्यालय पर शव रखकर महापड़ाव डाला जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, कोजराजसिंह राजगढ़, नाथूदान भीखोड़ाई सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Published on:
19 Aug 2025 09:02 pm
Also Read
View All