
पोकरण. विश्व शांति, मानव कल्याण, सभी लोगों में सुख समृद्धि व आपसी भाईचारे को लेकर राधाष्टमी के अवसर पर जैसलमेर रोड पर सेलवी गांव स्थित कदली वन सिद्धपीठ हनुमान मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। मंदिर के संस्थापक व त्रिदण्डी स्वामी धनुर्धराचार्य महाराज के शिष्य व मंदिर के संत ओम महाराज एवं बालसंत मारुति नंदन के सानिध्य में सोमवार को सुबह पूजा-अर्चना की गई। जिसमें पंडितों के सानिध्य में यजमानों की ओर से पंचामृत व गंगाजल से हनुमान प्रतिमा पर अभिषेक किया गया तथा भगवान श्रीराम व सीता की पूजा-अर्चना की गई।
महारुद्राभिषेक का आयोजन
मंदिर में मंगलवार को एक साथ 151 से अधिक वेदपाठियों की ओर से यजुर्वेद मंत्रोच्चार के साथ महारुद्राभिषेक किया गया। पोकरण, फलोदी, बाप, जैसलमेर सहित आसपास क्षेत्र से आए 151 वेदपाठियों की ओर से यमका चमका विधि से चले महारुद्राभिषेक के दौरान मंदिर, सेलवी गांव सहित आसपास का क्षेत्र यजुर्वेद मंत्रोच्चार से गूंज उठा। करीब तीन घंटे तक चले महारुद्राभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सजाई छप्पन भोग की झांकी
मंदिर में रविवार को सुबह अखण्ड रामायण पाठ शुरू किया गया था। सोमवार सुबह 10 बजे रामायण पाठ संपन्न हुआ। इसके बाद हनुमान चालिसा कर आरती की गई। इस अवसर पर हनुमान प्रतिमा के समक्ष छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। मंदिर परिसर में सोमवार की शाम छह बजे महासुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें पोकरण, जैसलमेर, फलोदी, बाप, लवां, ओढाणिया, रामदेवरा, बड़ली सहित दर्जनों गांवों से आए 11008 पाठियों ने सुंदरकांड का पाठ किया। कस्बे में पांचवीं बार आयोजित हुए महासुंदरकांड पाठ को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान सेलवी गांव व आसपास का क्षेत्र रामचरित्रमानस के सुंदरकांड की चौपाईयों, दोहों, छंद व सौरठों से गूंज उठा। रात आठ बजे मंदिर में रामभक्त हनुमान, रामचरित्रमानस की आरती व हनुमान चालीसा के बाद प्रसादी का आयोजन किया गया। जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।