जैसलमेर

मुख्यमंत्री ने गड़ीसर सरोवर में की जल पूजा, खुहड़ी के धोरों पर करेंगे योगाभ्यास

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार शाम अहमदाबाद से विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे।
2 min read
Jun 20, 2025
Feature image
जैसलमेर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ऐतिहासिक गड़ीसर तालाब पर आरती व पूजा अर्चना करते हुए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार शाम अहमदाबाद से विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे। रात्रि 8:20 बजे जब उनका विमान जैसलमेर एयरपोर्ट पर उतरा, तब वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में राज्यसभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी, प्रदेश मंत्री आईदान सिंह भाटी, पूर्व विधायक शैतानसिंह, पूर्व सभापति हरिवल्लभ कल्ला, जिला प्रमुख प्रतापसिंह, पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, पूर्व प्रधान सुनीता भाटी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर पहुंचे, जहां वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित पूजन एवं संध्या आरती कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया।

गड़ीसर घाट पर भक्तिमय हुआ वातावरण

जैसे ही मुख्यमंत्री शर्मा की गाड़ी सरोवर के मुख्य घाट पर पहुंची, वहां पहले से एकत्रित जनसमूह ने 'हर-हर गंगे' और 'भारत माता की जय' के नारों से उनका स्वागत किया। घाट को दीपों से सजाया गया था और तालाब के किनारे आरती की तैयारियां चल रही थीं।
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सरोवर में जल कलश अर्पित किया। उन्होंने शांत चित्त होकर सरोवर की परिक्रमा की और फिर दीप प्रवाहित किए। आरती की घंटियों की गूंज, मं‍त्रों की स्वर लहरियां और जलती हुई दीपमालाओं की आभा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनों से संवाद करते हुए जल संरक्षण की परंपरा और गड़ीसर सरोवर के ऐतिहासिक महत्व पर विचार साझा किए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और रात्रि विश्राम किया।

आज योग दिवस पर राज्य स्तरीय आयोजन में होंगे शामिल

सीएम शनिवार सुबह मुख्यमंत्री 5:45 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर पुलिस लाइन हैलीपेड पहुंचेगे वहां से हेलिकॉप्टर से खुहड़ी सैंड ड्यून्स स्थित हैलीपेड पर उतरेंगे। सुबह 6:15 बजे से 7:50 बजे तक वे खुहड़ी सैण्ड्यून्श धोबा में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.मुख्यमंत्री के साथ हजारों योग साधक खुले आकाश तले रेत के धोरों में सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।

Published on:
20 Jun 2025 10:26 pm