अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिले के विख्यात पर्यटन स्थल खुहड़ी के धोरों पर योगाभ्यास करने आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार शाम को जैसलमेर के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर के जल की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और संध्या आरती में शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिले के विख्यात पर्यटन स्थल खुहड़ी के धोरों पर योगाभ्यास करने आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार शाम को जैसलमेर के ऐतिहासिक गड़ीसर सरोवर के जल की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और संध्या आरती में शामिल होंगे। शर्मा शुक्रवार सायं राजकीय विमान से जैसलमेर पहुंचेंगे और उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम गड़ीसर सरोवर पर होगा। उसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। वे वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शनिवार को योग दिवस के अवसर पर शर्मा तडक़े हेलीकॉप्टर से खुहड़ी के पास निर्मित हेलीपेड पर उतरेंगे और वहां से कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर प्रात:कालीन योग सत्र में विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करेंगे। शर्मा खुहड़ी के धोरों से पूरे प्रदेशवासियों को उनके जीवन में योग को शामिल करने का संदेश देंगे। मुख्यमंत्री के साथ बड़ी तादाद में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, सरकारी अधिकारी-कर्मी और आमजन योगाभ्यास का हिस्सा बनेंगे। भाजपा प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा के अनुसार शनिवार प्रात: 8 बजे मुख्यमंत्री जैसलमेर से जयपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
इस बीच खुहड़ी के धोरों पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को बेहतर बनाने में प्रशासन की तरफ से पूरी मशीनरी को झोंक दिया गया है। यहां विशाल मंच का निर्माण करवाए जाने के साथ स्थान का समतलीकरण कर वहां लोगों के योगाभ्यास करने की सुविधा तैयार की जा रही है। पूरे क्षेत्र की बेरिकेडिंग करवाई जा रही है। तपती धूप में प्रशासन के अधिकारी और कार्मिक निजी क्षेत्र के श्रमिकों से काम पूरा करवाने में जुटे हुए हैं। सामान्य प्रशासन से लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगरपरिषद, जलदाय, परिवहन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, आयुर्वेद, महिला एवं बाल विकास, युवा एवं खेल महकमों आदि के अधिकारियों को सीधी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वे पूरे लवाजमे के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उधर, मुख्यमंत्री के एक बार फिर जैसलमेर आगमन का कार्यक्रम बनने से भारतीय जनता पार्टी के काडर में जोश और उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है। पार्टी नेता व कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शर्मा के स्वागत और उनके साथ कार्यक्रमों में भागीदारी करने की तैयारियां कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार योग दिवस की थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य रखी गई है। इसके तहत खुहड़ी सेंड ड्यून्स के साथ जिले के सभी ब्लॉक, ग्राम पंचायत, गांवों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।