
जैसलमेर जिले में शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत मंगलवार को जैसलमेर शहरी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र कुमार पालीवाल के नेतृत्व में विभाग ने मसाला एवं आटा निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर व आटा के कुल चार नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनारामकड़वासरा ने बताया कि मसाला फैक्ट्री में पैक किए जा रहे मसालों में मिलावट का संदेह होने पर नमूनीकरण के बाद शेष 941 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर शामिल है। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को इम्प्रूवमेंट नोटिस भी दिया है। साथ ही, शुद्ध खाद्य सामग्री बनाने, बेचान करने और खाद्य प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए एक्सपेरिमेंटशाला जोधपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जैसलमेर एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण रालसा के एक्शन प्लान के अनुरूप तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेन्द्रकुमार गोयल के निर्देशानुसार इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए विधिक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। कस्बे के रामदेवसर तालाब के पास पौधरोपण कार्य पर कार्यरत श्रमिकों को अधिकार मित्र पीएलवी राजेन्द्र कुमार सोलंकी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों, उद्देश्यों, दंडात्मक प्रावधानों और उपलब्ध कानूनी अधिकारों के बारे में विधिक जानकारियां दी। राष्ट्रीय लोक अदालत व स्थायी लोक अदालत के बारे में भी बताया।
उन्होंने नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, विधिक सेवाओं और आमजन के लिए संचालित कार्यक्रमों से भी अवगत करवाया। उन्होंने नशा निषेध अधिनियम की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य अभियान के अंतर्गत बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के अधिकार, बालश्रम निषेध, पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, बाल संरक्षण से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी।
पोकरण कस्बे में गत कई दिनों से व्याप्त पानी-बिजली समस्याओं को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही विभागों के अधिकारियों को ज्ञापन सुपुर्द किया जाएगा। नगरपालिका के पूर्व नेताप्रतिपक्ष नारायण रंगा ने बताया कि कस्बे में गत लंबे समय से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से लडख़ड़ाई हुई है। दिन के साथ रात में भी बिजली की आवाजाही हो रही है। कई गली मोहल्लों में पूरा वॉल्टेज नहीं मिलने से विद्युत उपकरण जलकर खराब हो रहे है। कई बार तो घंटों तक बिजली बंद रहती है। जिससे गर्मी के मौसम में आमजन को परेशानी हो रही है। इसी प्रकार जलापूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमराई हुई है। छह से सात दिनों में भी पानी नहीं मिल रहा है। पूरे कस्बे में पानी-बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन अधिकारी मूकदर्शक बने हुए है। उन्होंने बताया कि इन्हीं समस्याओं को लेकर शुक्रवार को सुबह 10 बजे गांधी चौक से एक रैली निकाली जाएगी। जलदाय विभाग के एमबी वेल हेडवक्र्स पर विरोध प्रदर्शन कर मटकियां फोड़ी जाएगी। इसके बाद डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया जाएगा।