
जैसलमेर। जैसलमेर की निजी यात्रा पर आए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्रसिंह शेखावत की कार का शनिवार को पुलिसकर्मियों ने गति निर्धारित से अधिक होने पर चालान काट दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिसवालों से उलझ गए। हालांकि शेखावत ने मामला निपटाते हुए चालान की राशि अदा कर दी।
जानकारी के अनुसार रामदेवरा से दर्शन कर आ रहे शेखावत की गाड़ी को जिले के भागू का गांव फांटा के पास पुलिस ने रुकवाया। पुलिस सुत्रों के अनुसार शेखावत की गाड़ी निर्धारित गति से तेज चल रही थी। इस पर पुलिसकर्मी ने चालान प्रपत्रभर दिया।
तब तक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गाड़ी के भीतर ही रहे और उनके चालक ने भी परिचय नहीं दिया। इतने में पीछे से आ रहे पोकरण क्षेत्र के कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता वाहन में वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। बात बढ़ती देखकर शेखावत ने चालान राशि अदा करते हुए मामले को खत्म करवाया और आगे बढ़ गए।
फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर