
जैसलमेर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले भर में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। शहर में गुरुवार को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह जिला प्रमुख अंजना मेघवाल के मुख्य आतिथ्य में समारोह पूर्वक मनाया गया। समारोह में जिला कलक्टर नमित मेहता ने अध्यक्षता की और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश शरद तंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने महिला संभागियों को महिला दिवस पर बधाई दी और कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में महिलाएं पुरुषों से कहीं भी कम नहीं है, बल्कि वे हर क्षेत्र में अग्रणीय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग होने की जरूरत है और जो पद उन्हें सौंपे गए हैं, उनका वे जिम्मेदारी के साथ निवर्हन करें। उन्होंने कहा कि जैसलमेर में भी बालिकाओं की शिक्षा में वृद्वि हो रही है। उन्होंने कहा कि राजश्री योजना, इन्दिरा प्रिय दर्शनी, गार्गी पुरस्कार से भी बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढाओं कार्यक्रम को गति मिली है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा एवं अन्य बालिका सशक्तिकरण के कार्यक्रमों से जैसलमेर जिले में भी महिला अनुपात में बढ़ोतरी हुई है। इस अवसर पर जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि नारी हर रूप में वंदनीय है। यहां उपस्थित सभी महिलाएं दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए परिवार, समाज व राष्ट्र के विकास में भागीदार है। पुलिस अधीक्षक डॉ.किरण कंग ने कहा कि महिलाएं किसी भी मायने मे कम नहीं है और वर्ष पर्यन्त महिलाओं का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि हर परिस्थिति में आप मजबूत है और आपकी मजबूती देश को मजबूत बनाती है। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश शरद तंवर ने भी बालिकाओं को उच्च शिक्षा अर्जित कराने की सीख दी। उन्होंनें महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाएं गए कानून एवं अधिकारो की जानकारी दी। सहायक निदेशक महिला अधिकारिता राजेन्द्र चौधरी ने महिलाओ के उत्थान के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के दौरान अतिथियों ने श्रेष्ठ कार्य करने वाली कार्यकर्ता भारती आचार्य, रामेश्वरी, उमती को 510 रुपए तथा प्रमाण पत्र तथा सहायिका बुरादो, माया, गणपती एवं आशा सहयोगिनी दाखो, गुड्डी, मीना को 2100 रूपये व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार मेघावी छात्राओं को गार्गी पुरस्कार एवं प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ.किरण कंग ने संभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढाओ की शपथ दिलाई। इसी तरह स्थानीय इन्दिरा कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानन्द शिक्षण संस्थान में कार्यरत समस्त महिला कार्मिकों का अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि करुणा माहेश्वरी ने सरस्वती पूजन किया। संस्थान की वरिष्ठ शिक्षिका नीलम व्यास ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सभी महिला शिक्षिकाओं एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आगाज उपप्रधानाचार्य कमलकिषोर व्यास ने किया। संचालन मीनाक्षी भाटी व पुष्पा भाटी ने किया। इसी तरह सिकोईडिकोन संस्था एवं सुजलॅान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गांव- हडडा में महिला दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। इसी तरह कमला नेहरु विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसी तरह नेहरू युवा केन्द्र ने पोकरण में महिलाओ ओर किशोरी बालिकाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
डाबला. महिला दिवस पर गीता गेवा रूपसी को सर्वश्रेष्ठ साथिन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। महिला अधिकारिता महिला एवं बाल विकास विभाग जयपुर द्वारा जैसलमेर जिले की रूपसी निवासी गीता गेवा को प्रशस्ति पत्र व 21000 का चेक प्रदान किया गया। महिला दिवस पर डाबला गांव के मेघवालों का वास ग्रामीणों ने शपथ लेकर महिलाओं के उत्थान की बात कही। इस दौरान छगनलाल, भगवानाराम, सुरेन्द्र कुमार, पूर्व सरपंच मांगीलाल गाड़ी, दुर्गसिंह झाला, अनोपसिंह आदि उपस्थित रहे।