जैसलमेर जिले भर में सोमवार को ईद-उल-जुहा का पर्व अकीदत से मनाया गया। इस दौरान देश में अमन, चैन व खुशहाली के लिए अल्लाह ताला से दुआ की गई।
जैसलमेर जिले भर में सोमवार को ईद-उल-जुहा का पर्व अकीदत से मनाया गया। इस दौरान देश में अमन, चैन व खुशहाली के लिए अल्लाह ताला से दुआ की गई। इस मौके पर अल्लाह की इबादत कर एक-दूसरे को ईद-उल-जुहा की मुबारकबाद दी। हजरत इब्राहिम अलेहिसलाम की ओर से अल्लाह के लिए दी गई कुर्बानी को याद कर मुस्लिम भाइयों ने ईदगाहों पर जाकर नमाज अदा की। जिला मुख्यालय स्थित बेरा रोड स्थित ईदगाह जाकर ईद की नमाज अदा की। शहर के विभिन्न धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर साम्प्रदायिक सद्भाव का परिचय दिया। इस दौरान खुतबा पढकऱ उपस्थित लोगों को नेकचलनी व सदाचार के मार्ग पर चलने की सीख दी गई। इसी तरह शहर के डेडानसर रोड स्थित ईदगाह पर भी ईद की नमाज अदा करने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां सोमवार को उन्हें ईद की नमाज अदा करवाई। स्थानीय बाजारों में भी रंग-बिरंगे कपड़ों में सज-धज कर लोग एक दूसरे को ईद की मुबारक देते दिखाई दिए। इस दौरान कई गणमान्य लोगों और अधिकारियों ने ईदगाह स्थल पर मुस्लिम बंधुओं को ईद की मुबारकबाद दी।