
जैसलमेर. पंचायतराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर सीमावर्ती जिले के ग्रामीण इलाकों में चुनावी माहौल अब पूरी तरह परवान चढऩे लगा है। अंतिम चरण में 14 और 16 नवम्बर को होने वाले चुनावों को लेकर जिला परिषद और जिले की 10 पंचायत समितियों के वार्डों में सदस्य पद के प्रत्याशियों के साथ ही 266 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी है। गांवों की चौपालों से लेकर ढाणियों और खेतों की पगडंडियों तक चुनावी चर्चाओं का दौर चल रहा है। सरपंच बनने की चाह रखने वाले प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सुबह से देर रात तक जनसंपर्क का दौरग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्याशी सुबह होते ही जनसंपर्क के लिए निकल पड़ते हैं। घर-घर दस्तक देकर बुजुर्गों से आशीर्वाद लेने और युवाओं से समर्थन मांगने का सिलसिला देर रात तक जारी रहता है। छोटी-छोटी ढाणियों और दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचकर उम्मीदवार अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। कहीं सामूहिक बैठकें हो रही हैं तो कहीं ग्रामीणों के बीच बैठकर स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की जा रही है। समर्थकों की टोलियां भी प्रत्याशियों के साथ गांवों में घूमकर चुनावी माहौल को गर्मा रही हैं।
चुनावी जनसंपर्क के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में खानपान और मेहमाननवाजी का दौर भी तेज हो गया है। प्रत्याशी और उनके समर्थक जनसंपर्क के दौरान लोगों की आवभगत में खूब खर्च कर रहे हैं। चाय-नाश्ते से लेकर भोजन तक की व्यवस्थाएं चर्चा में हैं। गांवों में होने वाली बैठकों और मेल-मिलाप के दौरान खानपान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चुनावी रंगत के बीच प्रत्याशियों की ओर से मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीण सडक़ों पर इन दिनों चुनाव प्रचार में जुटे वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। वाहनों पर प्रत्याशियों के नाम, चुनाव चिह्न, फोटो और प्रचार संदेशों वाली आकर्षक सामग्री लगाई गई है। वाहनों के काफिले गांवों और ढाणियों में पहुंचते ही चुनावी हलचल बढ़ जाती है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के साथ सरपंच पद की सीधी प्रतिस्पर्धा ने गांवों में राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। अब प्रत्याशियों की नजर अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंचने और अंतिम समय में समर्थन जुटाने पर टिकी है। इतनी ग्राम पंचायतेंपंचायत समिति ग्राम पंचायतें जैसलमेर 31सांकड़ा 29रामगढ़ 20रामदेवरा 24राजमथाई 30नाचना 20मोहनगढ़ 20खुहड़ी 33फतेहगढ़ 38भणियाणा 21