
स्वर्णनगरी में शनिवार को चुनावी सभा में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 15 मिनट के संबोधन में महिला, युवा व किसान वोटर्स पर फोकस करते हुए उद्बोधन दिया। इस बीच उन्होंने गहलोत सरकार पर भी प्रहार किए। यहां हनुमान चौराहा में आयोजित चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि राजस्थान पर पूरे 5 साल गहलोत सरकार का ग्रहण लगा रहा, अब जनता को मौका मिला है कि वे कमल निशान पर वोट देकर इस ग्रहण से प्रदेश को निजात दिलाएं। उन्होंने कहा कि देवतुल्य प्यारे राजस्थान प्रदेश को इस सरकार ने भ्रष्टाचार, नारी उत्पीडऩ और बलात्कार, गरीब पिछड़ों पर अत्याचार और अनाचार के मामले में देश में अव्वल बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने अपने रिश्तेदारों को 11 हजार करोड़ रुपए के ठेके दिलाए। योजना भवन में सोना और 2.40 करोड़ रुपए की नगदी निकली। प्रदेश में बढ़ती बलात्कार की घटनाओं पर निशाना साधते हुए नड्डा ने लोगों से पूछा कि उन्हें याद है ना भीलवाड़ा, चूरू, प्रतापगढ़, अलवर और बाड़मेर में क्या-क्या हुआ? राजस्थान में पेपर लीक के मसले को उभारते हुए नड्डा ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में अब तक 19 बार परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। इसी तरह से उन्होंने गहलोत सरकार पर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने, वनरक्षक, पटवारी और पुलिस भर्ती परीक्षाओं में भर्ती घोटाला करने का आरोप लगाया।
जहां कांग्रेस वहां भ्रष्टाचार, जहां भाजपा वहां विकास
नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की पहचान ही भ्रष्टाचार है। वह जहां होती है वहां भ्रष्टाचार, छल-कपट, लूट होती है। उन्होंने पनडुब्बी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला, 2 जी, कोयला और चावल आदि घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार करने में न आकाश छोड़ती है, न नीर, न पाताल और जमीन। दूसरी तरफ भाजपा है, वह जहां होती है वहां विकास होता है, तरक्की होती है। महिलाओं को स्वावल बन की शक्ति मिलती है।
इन पर साधी चुप्पी
-इआरसीपी योजना का जिक्र नहीं।
-राजस्थान में रिफाइनरी के मुद्दे को भी नहीं छुआ।
-पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने पर नहीं बोले।
-जातिगत जनगणना के बारे में कुछ नहीं बोले।
-हर घर पानी पहुंचाने के मसले पर भी नहीं बोले।
इन पर रहा फोकस
-मोदी सरकार की उपलब्धियां
-गहलोत सरकार की विफलताएं
-प्रदेश में अपराध व महिला अत्याचार
-किसानों को लाभ दिलाना
-बेरोजगारों को रोजगार